महाराष्ट्र में 10 महीनों में 2366 किसानों ने की आत्महत्या | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
- शिवसेना (यूबीटी) ने शिंदे सरकार पर साधा निशाना
मुंबई। महाराष्ट्र में किसानों की बढ़ती आत्महत्या पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने शिंदे सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि महाराष्ट्र में किसानों की हालत अत्यंत चिंताजनक है। शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि महाराष्ट्र में जनवरी से अक्टूबर तक 2366 किसान आत्महत्या कर चुके हैं।
प्रतिदिन सात किसान आत्महत्या कर रहे हैं। सबसे बुरी हालत छत्रपति संभाजी नगर और अमरावती विभाग की है। उन्होने कहा कि पिछले 10 महीने में सिर्फ अमरावती जिले में ही जहां 951 किसानों ने आत्महत्या की, वहीं छत्रपति संभाजी नगर विभाग में 877 किसानों ने आत्महत्या की।
शिंदे सरकार किसानों की आत्महत्या रोकने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि देश के अन्नदाताओं का इतना बुरा हाल शायद ही कहीं हो। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा खुद महाराष्ट्र सरकार के आपदा मदद मंत्री अनिल पाटिल ने दिया है।
आनंद दुबे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार के मंत्री बेशर्मी से कहते हैं कि किसान के आत्महत्या करने पर हम उसे एक लाख रुपए का मुआवजा देते हैं। अब इनको कौन समझाए कि किसानों की मौत को रुपयों में नहीं आंका जा सकता है। किसानों की मेहनत के कारण ही देश समृद्ध और खुशहाल है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार पूरी तरह से किसानों और उनके हितों की विरोधी है।