जौनपुर: बकाया वसूली को गयी विद्युत विभाग की टीम को दबंगो ने भगाया | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
खुटहन जौनपुर। मोबारकपुर गांव के रूपी का पूरा मजरे में रविवार को राजस्व वसूली को गयी विद्युत विभाग की टीम को दो मनबढ़ो ने जान से मारने की धमकी देते हुए गांव से भगा दिया। उपकेंद्र के नोडल अधिकारी वेदप्रकाश श्रीवास्तव की तहरीर पर सोमवार को दोनों मनबढ़ो के खिलाफ सरकारी काम में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वेदप्रकाश ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उक्त गांव मल्हनी आदमपुर उपकेंद्र से आच्छादित है। रविवार को लाइन मैन प्रमोद यादव, अरविंद यादव, अभिषेक यादव, सूर्यभान और सिकंदर को साथ लेकर गांव में राजस्व वसूली हेतु गया था। बड़े बकाएदार कनेक्शनधारियों को सरकारी छूट के विषय में बताते हुए उन्हें तत्काल बिल जमा करने को कहा गया। अन्यथा की स्थिति में आज ही कनेक्शन विच्छेद किया जायेगा। आरोप है कि तभी वहां गांव के अमित यादव अपने एक साथी बदलापुर थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव निवासी अरविंद यादव के साथ पहुंच टीम से बदसलूकी करने लगे। यह भी आरोप है कि उनके द्वारा जान से मारने की धमकी देते हुए गांव से भाग जाने को कहा गया। भयभीत होकर टीम वापस लौट आई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।