नया सवेरा नेटवर्क
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में बुधवार को एक जीप के खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई है जबकि सात अन्य घायल हुए है। पुलिस के मुताबिक कोटली उपमंडल के तहत आने वाले धन्यारा गांव के पास बुधवार अपराह्न करीब 4 बजे एक जीप के गहरी खाई में गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई है जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार जीप में सवार अधिकतर लोग किसी शादी समारोह में शामिल होने गए थे और वहां से वापिस लौट रहे थे। यह जीप टेंपो ट्रैक्स है, जिसमें चालक सहित 11 लोग सवार थे। जीप का (एचपी 02 एम 0704) है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कोटली अस्पताल से भी एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को कोटली अस्पताल लाया गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोनल हॉस्पिटल मंडी रेफर कर दिया गया है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
शवों को कोटली अस्पताल में रखा गया है। इन्हें पोस्टमार्टम के लिए मंडी लाया जाएगा और वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले किया जाएगा। घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की तलाश की जा रही है।
![]() |
विज्ञापन |
![]() |
विज्ञापन |
![]() |
Ad |
0 टिप्पणियाँ