ट्रेन के पांच डिब्बों में आग लगी, कोई हताहत नहीं | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
महाराष्ट्र। अहमदनगर जिले में नारायनडोहो स्टेशन के पास डीजल-इलेक्ट्रिक बहु इकाई (डीईएमयू) यात्री ट्रेन के पांच डिब्बे सोमवार को आग लगने से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। रेलवे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) ने यहां कहा कि आग लगने के समय प्रभावित डिब्बों में केवल पांच से 10 यात्री थे और वे सभी तुरंत उतर गए और सुरक्षित बच गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना तब हुई जब ट्रेन (संख्या 01402) बीड जिले के आष्टी स्टेशन से पश्चिमी महाराष्ट्र में अहमदनगर की ओर जा रही थी। आग लगने के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) डॉ. शिवराज मानसपुरे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि आग लगने की घटना में कोई भी यात्री जख्मी नहीं हुआ है और आग दोपहर करीब तीन बजे भड़की।
उन्होंने बताया कि आग के फैलने से पहले ही सभी यात्रियों को डिब्बों से सुरक्षित निकाल लिया गया था। सीपीआरओ ने कहा कि आग ने गार्ड-साइड ब्रेक वैन और उसके बगल के चार डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और इसके निष्कर्ष उपलब्ध होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। मानसपुरे ने कहा कि अहमदनगर से दमकल की नौ गाड़ियों को तत्काल बुलाया गया और आग को शाम करीब चार बजकर 10 मिनट पर बुझा दिया गया। उन्होंने बताया कि पुणे जिले के दौंड स्टेशन से एक दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) भी घटनास्थल पर भेजी गई।
![]() |
| Ad |
![]() |
| Advt. |


