क्या है रक्षाबंधन मनाने का सही समय! क्या 31 अगस्त को पूरे दिन मनाया जायेगा रक्षाबंधन? | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
रक्षाबंधन का त्योहार श्रावण पूर्णिमा को मनाया जाता है. इस साल पूर्णिमा तिथि 2 दिन पड़ रही है, ऐसे में लोगों में असमंजस की स्थिति है कि रक्षाबंधन किस दिन मनाएं. उस पर रक्षाबंधन के दिन भद्रा का साया होने के कारण लोगों को राखी बांधने के लिए शुभ मुहूर्त का इंतजार करना पड़ेगा. साल 2023 में श्रावण पूर्णिमा 30 अगस्त और 31 अगस्त 2023 दोनों दिन रहेगा. इतना ही नहीं रक्षाबंधन पर 700 साल बाद पंच महायोग का संयोग भी बन रहा है.
किस तारीख को राखी बांधना शुभ?
हिंदी पंचांग के अनुसार श्रावण पूर्णिमा 30 अगस्त, बुधवार से शुरू हो जाएगी. लेकिन 30 अगस्त की सुबह 10:58 बजे से रात 9:01 बजे तक भद्रा का साया रहेगा. चूंकि भद्राकाल में राखी बांधना अशुभ माना जाता है. ऐसे में 30 अगस्त को रात 09:01 बजे के बाद ही राखी बांधने के लिए समय रहेगा. लेकिन राखी बांधना दिन में ज्यादा शुभ माना जाता है. इसलिए 31 अगस्त 2023 को राखी बांधना शुभ रहेगा. लेकिन यह ध्यान रहे कि 31 अगस्त को राखी बांधने के लिए शुभ समय सुबह 7:05 बजे तक ही रहेगा. क्योंकि इस दिन पूर्णिमा तिथि सुबह 07 बजकर 05 मिनट तक ही है.
राखी बांधने का सही तारीका
रक्षाबंधन के दिन बहन भाई को राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र की दुआ करती हैं और बदले में भाई अपनी बहन की रक्षा करने का वचन देते हैं. रक्षाबंधन के दिन भाई को विधि-विधान से राखी बांधना चाहिए, इससे भाई-बहन दोनों के जीवन में सुख-समृद्धि आती है. इसके लिए सबसे पहले स्नान करें, फिर बहन भगवान गणेश को राखी बांधे. इसके बाद भाई के सिर को रुमाल से ढंककर उसके माथे पर रोली, अक्षत से तिलक लगाए. भाई की आरती उतारे, उसका मुंह मीठा करे. उसकी कलाई पर रेशमी धागे से बनी लाल, पीले या हरे रंग की राखी बांधे. फिर भाई अपनी बहन का आशीर्वाद ले, उसे भेंट दे.


