न्यूट्रिशन सेंसिटिव माइक्रो प्लानिंग पर राज्यस्तरीय सम्मलेन: सुपोषित मध्य प्रदेश की दिशा में बढ़ता पोषण समृद्ध समुदाय | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
भोपाल। अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टिट्यूट ऑफ़ गुड गवर्नेंस एंड पालिसी एनालिसिस भवन में गुरुवार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक पर एक राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ। विकास संवाद समिति द्वारा वेल्तुंगर हिल्फे के सौजन्य से तथा महात्मा गाँधी सेवा आश्रम एवं दर्शना महिला कल्याण समिति के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विषय था 'पोषण के प्रति संवेदनशीलता एवं सूक्ष्म नियोजन और ग्राम पंचायत डेवलपमेंट प्लान में इसका अभिसरण'। भागीदारों में शामिल थे सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिष्ठित लोग, पंचायतो के सदस्य, और विकास संवाद वेल्तुंगर हिल्फे, महात्मा गाँधी सेवा आश्रम और दर्शना महिला के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और शोधकर्ता।
सभा का स्वागत राजेश भदौरिया जी ने किया जो कि विकास संवाद में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर हैं। उन्होंने पोषण समृद्ध समुदाय द्वारा 2030 तक जीरो हंगर यानि कि शून्य भुखमरी का लक्ष्य प्राप्त करने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उनके बाद दर्शना के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर निरंजन यादव जी ने पॉवरपॉइंट पर प्रस्तुति की। निरंजन जी ने छतरपुर में दर्शना महिला कल्याण समिति द्वारा किये गए जागरूकता कार्यों की बात की और यह बताया कि कैसे लोगो को खेती, साफ़ सफाई, सही पोषण इत्यादि की ट्रेनिंग दी जा रही है और इसका असर सूक्ष्म स्तर पर दिखाई दे रहा है। छतरपुर के डारगुवां ब्लॉक के सरपंच जगदीश विश्वकर्मा जी ने इसमें पंचायतो की भागीदारी का उल्लेख किया।
उसके बाद श्योपुर से महात्मा गाँधी सेवा आश्रम के फील्ड अफसर संदीप भार्गव जी ने अपनी बात कही कि पंचायतों को ऐसे कार्यों के लिए और भी सर्कार से और सहायता मिल जाएगी तो बहुत अच्छा हो जाएगा। उन्होंने जागरूकता एवं क्षमता निर्माण गतिविधियों का उल्लेख किया जिससे ग्रामीणों और किसानो को बहुत मदद मिल रही है। पूनिया पटेलिया श्योपुर के बरगवां के सरपंच भी आये थे और उन्होंने पोषण वाटिका का महत्व बताया। तभी छतरपुर से आये भिया ताल पंचायत के ग्राम रोजगार सहायक नरेंद्र सिंह यादव जी ने बताया कि उन्होंने 25 परिवारों में से 20 को आत्मनिर्भर बनाया है और आगे भी अच्छी उम्मीद कर रहे हैं। महात्मा गाँधी सेवा आश्रम के फील्ड अफसर नीरज श्रीवास्तव जी ने सूक्ष्म नियोजन का महत्व बताया।
क्रमानुसार आगे बढ़ते हुए लोगो ने सचिन जैन जो कि विकास संवाद के सेक्रेटरी हैं, उनकी प्रस्तुति देखी जिसमे उन्होंने कई महत्वपूर्ण बाते की। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म नियोजन को सफल बनाने के लिए पंचायत और ग्रामीणों द्वारा बराबर की भागीदारी, उत्तरदायित्व निभाना, और निरंतर प्रयास करते रहना आवश्यक है। इसमें बहुत धैर्य रखना पड़ेगा और सभी उपलब्ध संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करना होगा। साथ ही समय-समय पर आकलन भी होना चाहिए।' आगे उन्होंने भोजन में विविधता की आवश्यकता पर ज़ोर दिया, जिस पर पोषण समृद्ध समुदाय बहुत काम कर रहा है।
अनीता वात्सल्य जी एसपीएम एसएसआईडी, एमपी मिड डे एसआरएलएम में डिप्टी कमिश्नर हैं, उन्होंने, स्त्रियों की आत्मनिर्भरता और पोषण पर बात की जिसपर उनका आजीविका मिशन चल रहा है। दीपिका अग्रहार जी जो कि आईसीएआर में प्रमुख वैज्ञानिक हैं, उन्होंने ज़ोर दिया कि ग्रामीणों और किसान महिलाओं का भी पक्ष देखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अब छतरपुर में मोटा अनाज उगाने की प्रेरणा देना आसान है क्योकि वहां एक छोटा मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट लगा दिया गया है, ऐसे ही जहाँ यह सुविधा नहीं है वहां लोग प्रश्न करते हैं कि हम क्यों करें जब उसमे हमे बहुत समस्या होती है। अगली स्पीकर बाल आयोग से निवेदिता शर्मा जी ने कहा कि सरकारी योजनाएं तो बहुत हैं, पर उनका निरीक्षण करने की आवश्यकता है और इसकी ज़िम्मेदारी न सिर्फ सरकारी बल्कि गैर सरकारी संगठनों की भी होनी चाहिए।
मनोज जैन जो एआईजीजीपीए में सीनियर एडवाइज़र हैं, ने अपनी बात कही कि अब समाज पोषण के प्रति संवेदनशील हुआ हैं और सूक्ष्म नियोजन करना चाहता हैं, इसीलिए प्रयास हो रहे हैं, एमपीआईएसएसआर के डायरेक्टर डॉ. संदीप जोशी ने गरीबी और भूख से लड़ने की आवश्यकता पर बात की। जागरण लकसिटी युनिवेर्सिटी की लॉ की छात्रा अनामिका तोमर ने भी आंगनवाड़ी और सूक्ष्म स्तर पर होने वाली दिक्कतों के बारे में अपनी राय रखी कि पहले लोगों की सोच को बदलना आवश्यक है ताकि वे खुद जागरूक हों और दूसरों की सहायता करें।
इसी प्रकार आगे बढ़ते हुए सभा का समापन वेल्तुंगेर हिल्फे के पार्टनर सपोर्ट ऑफिसर्स शर्मीली बासु और मोहसिन खान ने किया। उन्होंने भारतवर्ष के वासियों को चंद्रयान-3 की सफलता पर बधाई भी दी। नयी उम्मीदों और स्वादिष्ट भोजन के साथ यह सत्र समाप्त किया गया।
![]() |
| Advt. |
![]() |
| Advt. |
.jpg)
.jpg)


