प्रयागराज: हर-हर महादेव के जयकारे से गूंजे शिवालय | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। भगवान शिव को समर्पित सावन मास के आठवें व अंतिम सोमवार पर हर-हर महादेव का जयघोष होता रहा। भोर में शिवालयों के पट खुलते ही दर्शन-पूजन, जलाभिषेक का क्रम शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को दूध, फल, बेलपत्र, भांग, पुष्प, मदार, दूब आदि अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। घरों में लोगों ने व्रत रखा और विधिविधान से भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। सोम प्रदोष का योग होने से सोमवार का महात्म्य अधिक बढ़ गया। प्रदोष व्रत पर भगवान शिव की पूजा, व्रत और रुद्राभिषेक शुभ रहा। इस अवसर पर संगम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान-दान किया।
मनकामेश्वर मंदिर के महंत श्रीधरानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खुल गए। मंगला आरती के बाद दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया। अपराह्न 11:45 बजे भगवान शिव को भोग लगाया गया। धूप के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। मंदिर से लेकर सरस्वती घाट तक दोहरी कतार लगी रही। रात 10 बजे भगवान शिव का शृंगार किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस भी तैनात रही।
सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन में पं. सच्चिदानंद मिश्र के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर मंगल कामना की। तक्षकतीर्थ महादेव दरियाबाद में पीठाधीश्वर रविशंकर के सानिध्य में रुद्राभिषेक किया गया। दक्षिणेश्वर धाम सरकार अयोध्यापुरी बेनीगंज में नर्मदेश्वर महादेव में पं. नित्यनाथ पांडेय के आचार्यत्व में श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक किया। कांवरियों ने उत्साह के साथ दशाश्वमेध घाट पर जल भरकर बाबा विश्वनाथ को जलाभिषेक के लिए प्रस्थान किए। शिवकुटी महादेव, दशाश्वमेध मंदिर, नागवासुकि मंदिर में पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।



