प्रयागराज: सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में 600 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
फाफामऊ। सीआरपीएफ कैंप में सोमवार को रोजगार मेला का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय सशस्त्र बलों के विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए चयनितों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नियुक्ति पत्र सौंपा। प्रधानमंत्री के ऑनलाइन उद्घाटन करने के बाद सीआरपीएफ कैंप में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने सशस्त्र बलों के लिए चयनित 600 युवाओं को नियुक्त पत्र प्रदान किए।
इनमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 407 सिपाही, सीमा सुरक्षा बल के 29, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के 20, असम राइफल्स के 35, भारत तिब्बत सीमा पुलिस के 84, सशस्त्र सीमा बल के 20 और एसएसएफ के 05 चयनितों को नियुक्ति पत्र दिया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री की प्रशंसा की और युवा पीढ़ी को रोजगार प्रदान करने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने नौकरी पाने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए राष्ट्र के प्रति सत्यनिष्ठा, सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लेने को कहा। इस अवसर पर मंत्री ने याद दिलाया कि कैसे भारत ने चांद पर अपना तिरंगा फहरा है।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। इससे पूर्व सीआरपीएफ के डीआईजी संजीव राय ने मुख्य अतिथि डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय का स्वागत किया। कार्यक्रम की मेजबानी ग्रुप केन्द्र के डीआईजी प्रभाकर त्रिपाठी ने की।



