मुंबई: रोहिणी खडसे एनसीपी की महिला प्रदेश अध्यक्ष | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
- एकनाथ खडसे की बेटी हैं रोहिणी खडसे
मुंबई। राकांपा (शरद पवार) गुट ने पूर्व मंत्री और विधायक एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे को महिला प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। मंगलवार को राकांपा अध्यक्ष शरद पवार की उपस्थिति में हुई बैठक में यह नियुक्ति की गई। बीड जिले की बबन गित्ते को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। बीड जिले की ही सुशीला बोराडे को महाराष्ट्र का महासचिव नियुक्त किया गया।
रोहिणी खडसे जलगांव जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान संचालक हैं। उन्होंने वकालत की शिक्षा ली है। वर्ष 2019 में भाजपा ने एकनाथ खडसे का टिकट काटकर उनकी जगह रोहिणी खडसे को टिकट दिया था, लेकिन वे मामूली अंतर से चुनाव हार गई। इसके बाद एकनाथ खडसे के साथ रोहिणी खडसे भी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गईं। रोहिणी खडसे ने कहा कि मुझे महिला प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी दी गई है।
मैं एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, सांसद सुप्रिया सुले, प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल, सांसद फौजिया खान की आभारी हूं। मैं महाराष्ट्र में महिला संगठन को बढ़ाने का प्रयास करती रहूंगी। यह पूछे जाने पर कि आपके प्रदेश अध्यक्ष बनने से विद्या चव्हाण नाखुश हैं? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि विद्या चव्हाण नाराज नहीं है। उनकी उपस्थिति में मुझे नियुक्ति पत्र दिया गया। उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन में मैं काम करूंगी। रोहिणी खडसे ने कहा कि वे जानती हैं कि भाजपा किस तरह काम करती है। इससे मेरा काम करना आसान होगा।



