नागपुर हवाई अड्डे पर इंडिगो पायलट की मौत | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में गुरुवार को डॉ बाबासाहेब अंबेडकर हवाई अड्डे से पुणे के लिए उड़ान भरने से ठीक पहले इंडिगो का एक पायलट बेहोश हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। यह जानकारी अधिकारियों ने गुरुवार को दी।
अधिकारियों के अनुसार, 40 वर्षीय कैप्टन मनोज सुब्रमण्यम देर रात लगभग 12 बजे हवाई अड्डे के बोर्डिंग गेट के समीप बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत केआईएमएस-किंग्सवे अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि श्री सुब्रमण्यम नागपुर से पुणे के लिए इंडिगो उड़ान का परिचालन करने जा रहे थे, तभी वह बेहोश हो गए।
अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि उनकी मौत के सही कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है लेकिन शायद दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई है। विमान कंपनी ने ट्वीट किया कि हम नागपुर में अपने एक पायलट के निधन से दुखी हैं और हमारे संवेदनायें और प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अनुसार, पायलट ने बुधवार को त्रिवेंद्रम-पुणे-नागपुर सेक्टर में सुबह तीन बजे से सुबह सात बजे के बीच दो उड़ानों का संचालन किया था। दो सप्ताह में पायलटों की अचानक मौत होने का यह तीसरा मामला है और मरने वालों में दो भारतीय पायलट हैं।



