जौनपुर: 31 जुलाई तक चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान:सीएमओ | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
एमएलसी प्रिंसू ने झंडी दिखाकर जागरूकता रैली किया रवाना
जौनपुर। जिला टीबी चिकित्सालय परिसर से विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू द्वारा संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का उद्घाटन करते हुए जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। संचारी रोग अभियान जनपद में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, नगर विकास विभाग, पशुपालन विभाग, बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, कृषि विभाग, सिंचाई विभाग, मनोरंजन विभाग, सूचना विभाग अपने निर्धारित कार्य एवं दायित्व के अनुसार कार्य योजना बनाकर कार्यवाही कराएंगे। संचारी अभियान का मुख्य उद्देश्य अंतर विभागीय सहयोग द्वारा वेक्टर जनित एवं संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण हेतु निरोधात्मक कार्यवाही जैसे साफ-सफाई, झाड़ी की कटाई, एंटी लारवा छिड़काव एवं जन जागरूकता कराया जाना है। इसमें स्वास्थ्य विभाग से आशा तथा बाल विकास विभाग से आंगनवाडी कार्यकर्ताओ द्वारा कार्य योजना के आधार पर घर घर जाकर वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा बुखार के रोगियों का चिन्हीकरण, सर्दी, जुकाम के लक्षण वाले व्यक्तियों, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया रोग, कालाजार रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर आवश्यक कार्यवाही किया जाएगा। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने आम जनमानस से अपील किया है कि संचारी अभियान में अपना सहयोग दे कर कार्यक्रम को सफल बनाएं। इस मौके पर सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षीकरण अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी, जिला कुष्ठ अधिकारी, जिला मलेरिया/फाइलेरिया अधिकारी कार्यालय के समस्त स्टाफ एवं स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारी, कर्मचारी तथा बाल विकास विभाग, नगर पालिका जौनपुर, डीएमसी यूनीसेफ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एनएचएम सहित अन्य विभागों ने प्रतिभाग किया।
![]() |
Advt |
![]() |
Advt. |