वाराणसी: गांधी विद्या संस्थान में मनाया आपातकाल दिवस | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। राजघाट स्थित गांधी विद्या संस्थान में सोमवार को आपातकाल दिवस मनाया गया। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र की तरफ से लोकनायक जयप्रकाश पर आधारित व्याख्यान शृंखला के पहले व्याख्यान में ‘आपातकाल एवं जेपी विषय पर वक्ताओं ने विचार रखे।
मुख्य वक्ता बीएचयू के डॉ. शरदधर शर्मा थे। उन्होंने गुजरात में मोरारजी देसाई के संरक्षण में प्रारम्भ हुए छात्र आंदोलन से लेकर बिहार आंदोलन की धमक एवं कोर्ट के निर्णय के साथ-साथ लोकनायक जेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व संभालने की पूरी पटकथा का बिंदुवार विश्लेषण किया। अध्यक्षता सामाजिक विज्ञान संकाय (बीएचयू) की डॉ. अनुराधा सिंह ने की।
उन्होंने लोकनायक के व्यक्तित्व एवं कृतित्व के साथ सम्पूर्ण क्रान्ति के उनके योगदानों पर चर्चा की। विशिष्ट अतिथि वसंत कन्या महाविद्यालय (राजघाट) की प्राचार्या प्रो. अलका सिंह रहीं। अतिथियों का स्वागत आईजीएनसीए के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अभिजित दीक्षित ने किया। कार्यक्रम में बीएचयू शोधार्थी एवं वसन्त कन्या महाविद्यालय की 50 से अधिक छात्राएं मौजूद रहीं।


