वाराणसी: स्पोर्ट्स क्विज में सनबीम लहरतारा फिर चैंपियन | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की तरफ से आयोजित फिट इंडिया स्पोर्ट्स क्विज में देश के 702 शहरों के 16,702 विद्यालयों से 61,981 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बनारस के सनबीम स्कूल लहरतारा के शाश्वत मिश्रा व आदित्य जायसवाल ने जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार प्रदेश में अपने जिले का नाम रोशन किया है।
इस दौरान मास्टर आदित्य मुबाई ने क्विज का संचालन किया। इसमें 61,981 छात्र-छात्राओं ने विजेता बनने को दावेदारी की है। सनबीम के दोनों विजेता छात्रों को ट्राफी के साथ 2.5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया जाएगा। शाश्वत मिश्रा व आदित्य जायसवाल की टीम अब उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली फिट इंडिया स्पोर्ट्स क्विज प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में करेगी। इस उपलब्धि पर सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक व निदेशिका भारती मधोक ने दोनों विद्यार्थियों की सराहना की। उपनिदेशिका अमृता बर्मन ने मेंटर संजीव मिश्रा को बधाई दी।

