जौनपुर: विवाद के चलते नहीं हो पा रहा है ऋषि तालाब का सौंदर्यीकरण | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
पौराणिक दृष्टि कोण से महत्वपूर्ण माना जाता है यह तालाब
खेतासराय जौनपुर। पौराणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर का ऋषि तालाब उपेक्षा का शिकार हो गया है। ऋषि तालाब का सौंदर्यीकरण न कराए जाने से नाली का गंदा पानी तालाब में जाता है। इस तालाब का सौंदर्यीकरण न कराए जाने का कारण नगर प्रशासन विवादित होना बता रहा है। नगर में खुटहन रोड के किनारे स्थित ऋषि तालाब पौराणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। बताया जाता है कि कभी ऋषि अंगिरा इसी तालाब के किनारे रहते थे। उस समय इसका नाम रिखितासर था। बाद में यह नाम संशोधित होकर खेतासराय में बदल गया। रिखितासर तालाब ऋषि तालाब के नाम से कहा जाने लगा। ऋषि तालाब के किनारे एक भव्य शिव मंदिर है। जहां लोग पूजा करने जाते हैं। पौराणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के बावजूद ऋषि तालाब उपेक्षा का शिकार हो गया। पूरा तालाब जलकुंभी से पट गया है। तालाब में गंदगी का अंबार लगा है। जल निकासी की सुविधा न होने से नालियों का गंदा पानी इसी तालाब में जाता है। तालाब के सौंदर्यीकरण के बारे में पूछे जाने पर ईओ डा.रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ऋषि तालाब विवादित होने के चलते सौंदर्यीकरण नहीं हो पा रहा है।