नगर पालिका जौनपुर : पहला मौका, पहला चुनाव, पहली जीत | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। नगर पालिका जौनपुर की नई चेयरमैन मनोरमा मौर्या किस्मत की धनी है। पहले यह सीट सामान्य थी तो इस सीट से मनोरमा मौर्या के पति डॉ. रामसूरत मौर्या दावेदारी कर रहे थे लेकिन आरक्षण को लेकर जब मामला हाई कोर्ट में चला गया तो चुनाव टल गया इसके बाद जब यह सीट पुन: महिलाओं के लिए आरक्षित हुई तो फिर यह चर्चा तेज हो गई थी कि भाजपा किसे अपना प्रत्याशी बनाएगा। अंतत: मनोरमा मौर्या को भाजपा की तरफ से 'पहला मौका' मिला और उन्हें पार्टी की तरफ से प्रत्याशी घोषित किया गया। मनोरमा मौर्या ने इसके पहले शायद कोई चुनाव नहीं लड़ा था, यह उनका पहला चुनाव था। अपने पति और भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ उन्होंने इस चुनाव में विजयश्री के लिए काफी मेहनत की। उनकी जीत में सिर्फ किसी एक व्यक्ति का हाथ नहीं है बल्कि पूरी पार्टी और मौर्य समाज का काफी साथ मिला। इस वजह से मनोरमा मौर्या अपनी प्रतिद्वंदी माया टंडन को 10791 वोटों से हराने में सफलता हासिल की।
जब निकाय चुनाव की बिगुल बजा था तो नगर के लोगों को लग रहा था कि भाजपा में भितरघात हो जाएगा और इस बार भी बाजी टंडन मार ले जाएंगे लेकिन एक-एक बूथ पर, एक-एक वार्ड पर जिस तरह से एक-एक कार्यकर्ताओं ने मेहनत की आज उसका परिणाम दिख गया। भाजपा की प्रत्याशी मनोरमा मौर्या ने भारी अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 37406 वोट मिले।
कम वोट प्रतिशत भी टंडन को ले डूबा
जौनपुर नगर पालिका के लिए हुए चुनाव में 45.12% वोट पड़े थे। यह भी एक कारण है कि दिनेश टंडन की पत्नी माया टंडन को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा सपा प्रत्याशी उषा श्रवण जायसवाल भी फाइट से बाहर रहीं, उन्हें 16669 वोटों से संतोष करना पड़ा, जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी को 13570 वोट मिले। वहीं आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी डॉ. चित्रलेखा सिंह को 7027 वोट मिले। चुनाव के शुरुआत में सभी को लग रहा था कि 22 साल से जौनपुर नगर पालिका की सीट पर टंडन परिवार का कब्जा है तो इस सीट को उनसे छिन पाना मुश्किल है। बात भी सही थी लेकिन जिस प्रकार से भाजपा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने मेहनत की उसका रिजल्ट आज आ गया।
# एक नजर वोटों पर
भाजपा 37406
बसपा 26615
सपा 16669
कांग्रेस 13570
आम आदमी पार्टी 7027