प्रयागराज: पूर्व बिशप ईसीडोर फर्नांडीस का हार्ट अटैक से निधन | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। रोमन कैथोलिक डायसिस ऑफ इलाहाबाद के बिशप रहे रेव्ह फादर ईसीडोर फर्नांडीस का बुधवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। 76 वर्षीय बिशप ने प्रयगराज में आखिरी सांस ली। बिशप हाउस में शाम को उनका स्टाफ चाय लेकर पहुंचा तो शरीर में हरकत नहीं हो रही थी।
सभी उन्हें लेकर नाजरेथ अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सेंट जोसेफ कॉलेज के प्रिंसिपल फादर थॉमस कुमार ने बताया कि अंतिम संस्कार शनिवार को प्रयागराज में ही होगा। दो जनवरी 1947 को जन्मे ईसीडोर फर्नांडीस 28 अक्तूबर 1972 को पादरी बने थे।
सेंट जोसेफ कॉलेज के प्रिंसिपल के रूप में 1986 से 1988 तक सेवा दी। चार अगस्त 1988 को वह बिशप बने। उनके निधन पर सेंट जोसेफ कॉलेज गुरुवार को बंद रहेगा। फादर फर्नांडीस को उनकी विशेष कार्यशैली और विद्वता के लिए जाना जाता है। उनके शांत स्वभाव और विद्वता के सभी कायल थे। एक पादरी, प्रिंसिपल और फिर बिशप के रूप में भी उन्होंने समाज सेवा के काम को हमेशा आगे बढ़ाया। उनका निधन सम्पूर्ण समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है।