महाकुम्भ से पहले नंबर वन स्मार्ट सिटी बनेगा प्रयागराज | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। महाकुम्भ 2025 के पहले संगमनगरी देश की नंबर एक स्मार्ट सिटी बनेगी। इसके लिए स्मार्ट सिटी से जुड़े सभी विभागों से एक वृहद कार्ययोजना 15 दिन के भीतर मांगी गई है। शुक्रवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और कुम्भ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने आईट्रिपलसी में बैठककर अफसरों को इसके निर्देश दिए हैं। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर इस साल नवंबर से काम शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम सिटी सेनिटाइजेशन पर काम करेगा। इसके लिए सार्वजनिक शौचालय बढ़ाए जाएंगे।
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के काम को बढ़ाया जाएगा। साथ ही शहर की सीमा के भीतर एक भी जगह कूड़ा नहीं दिखेगा। शहर में पटरी दुकानदारों के लिए अलग से जोन बनाई जाएगी, जहां एक रंग की दुकानें होंगी। जिससे वहां पहुंचने पर एकरूपता दिखाई दे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तमाम काम पीडीए की टीम करेगी।
इस क्रम में अक्षयवट, पातालपुरी, सरस्वती कूप, द्वादश माधव मंदिर और भारद्वाज आश्रम के पास सौंदर्यीकरण का काम कराया जाएगा। डिजिटल म्यूजियम को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों के हिसाब से विकसित किया जाएगा। पर्यटन विभाग को निर्देश दिया गया है कि इसके लिए सूची तैयार करें, मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए विश्व स्तर के मंदिरों पर दी जाने वाली सुविधाओं की एक रिपोर्ट मांगी गई है। चौराहों का चौड़ीकरण किया जाएगा।