जौनपुर: घर से भागे प्रेमी युगल की परिजनों ने कराई शादी | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
तीन दिन पूर्व घर से भाग गए थे प्रेमी युगल
मुफ्तीगंज जौनपुर। तीन दिन पहले घर से भागे प्रेमी युगल की दोनों के परिजनों ने मुफ्तीगंज पुलिस की मदद से पकड़कर विवाह करा दिया। दोनों पक्ष एक ही बिरादरी के हैं। मामला केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र का है। केराकत थाना क्षेत्र के सरायबीरू गांव निवासी राहुल का इसी थाना क्षेत्र के मुफ्तीगंज चौकी क्षेत्र के भोगीपट्टी गांव की किशोरी के बीच प्रेम संबंध था। दोनों चोरी छिपे मिलते जुलते भी थे। तीन दिन पहले दोनों घर से भाग गए। किशोरी के पिता ने पुलिस से इसकी शिकायत की। शिकायत की जानकारी होने पर बुधवार को प्रेमी युगल पुलिस चौकी पहुंच गए और चौकी प्रभारी से एक दूसरे के साथ विवाह बंधन में बंधने की इच्छा व्यक्त की। प्रेमी युगल ने पुलिस को नोटरी हलफनामा भी दिया। युवक व युवती के पुलिस चौकी पर होने की जानकारी पर दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रेमी युगल की जिद और एक दूसरे के प्रति समर्पण भाव देखकर दोनों के परिजनों ने पौहारी बाबा मंदिर पर दोनों का विवाह करा दिया। विवाह के समय दोनों पक्षों के परिजन रामजीत, उर्मिला, सुनील कुमार, मुन्ना, संजय कुमार, अच्छे लाल, अनिल, पूनम देवी सहित अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने नव दंपती को आशीर्वाद दिया। विवाह संपंन होने के बाद वधू वर के घर चली गई।