जौनपुर: दुनिया की तरक्की में महिलाओं का रहा है प्रमुख योगदान | #NayaSaveraNetwork
![]() |
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रम में जुटी महिलाएं। |
नया सवेरा नेटवर्क
विकास के दौर में महिला न्याय व संघर्ष की स्थिति पर हुई चर्चा
केराकत जौनपुर। महिला चेतना समिति द्वारा सोमवार को बोधा ब्राह्म बाबा मंदिर असौआ नाऊपुर के मैदान में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लोक चेतना समिति के सहयोग द्वारा आयोजित विकास के दौर में ''महिला न्याय और संघर्ष की स्थिति'' विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व स्वागत गीत के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में उक्त विषय पर सम्बोधित करते हुए संस्था की निदेशिका रंजू सिंह ने कहा कि आज नारी शक्ति समाज को यह जता चुकी है कि दुनिया की तरक्की में महिलाओं का योगदान बहुत ही महत्वपूर्ण है। महिलाएं सरकारी सेवा हो या देश की रक्षा की बात हो,राजनीति हो या घर संभालने की बात हो हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रही है,यह बदलाव आज पितृसत्तात्मक समाज के दोष को दूर करने का प्रयास करता है और साथ ही देश व समाज को तरक्की भी प्रदान करता है। आज दुनिया नारी विकास के सम्मान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाती है ,आज का दिन महिलाओं की शक्ति व सामर्थ्य के दिवस के रूप में देखा जाता है,परआज के इस विकास के दौर में हम महिलाओं की समाजिक,आर्थिक और राजनैतिक न्याय की स्थिति पर नजर डाले तो आज भी महिलाएं संघर्ष करती नजर आ रही हैं। उन्हें संविधान से बराबरी का अधिकार तो मिला और उन अधिकारों को सुरक्षित करने के लिये कानून भी बनाया गया पर फिर भी समाज उसे स्वीकार नही कर रहा है। जागृति राही विज़न संस्था द्वारा महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान में सभी जाति, धर्म,लिंग, भाषा को समानता व स्वतंत्रता का अधिकार दिया गया है और पंचायत में भी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो इसलिए उन्हें आरक्षण के माध्यम से भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है। जिसका परिणाम है कि महिलाएं पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिलापंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में हर जाति,वर्ग की महिलाएं इन पदों को सुशोभित कर रही हैं। प्रेस क्लब तहसील अध्यक्ष अब्दुल हक अंसारी ने कहा कि आज नारी अपनी ताकत को भूल चुकी है। यही कारण है कि नारी शक्ति स्वरूपा होते हुए भी अपनी शक्ति का उपयोग नहीं कर पा रही है। मेरा मानना है कि दुनिया में नारी ने हर क्षेत्र में अपनी अग्र णीय भूमिका निभा चुकी हैं। अगर नारी उत्पीड़न की बात की जाय तो यह कहना कत्तई गलत नहीं होगा कि नारी का उत्पीड़न दहेज़ हत्या हो या कोई प्रताड़ना का मामला हो उसमें सास ,ननद, जेठानी के रूप में नारी की भूमिका होती है। यहां तक कि भ्रूण हत्या के लिए नारी ही जिम्मेदार होती हैं। श्री अंसारी ने कहा कि नारी जिस दिन अपनी ताकत को पहचान लेंगी और अपने हक अधिकार को लेकर संघर्ष करने पर उतर जायेगी,तो दुनिया की कोई ताकत उसे कामयाबी की मंजिल पाने से नहीं रोक पायेगी। कार्यक्रम में रंजू सिंह ,पूनम दीक्षित, जागृति राही, कमलेश यादव पूर्व प्रधान रतनुपुर ,प्रमोद शुक्ला, राजकुमार सरोज, सुशीलचन्द्र मिश्र आदि ने अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत देवराई, रामगढ़ ,बरईछ, भैंसा,जमुआ, सोहनी,उमरवार, बंमबावन, बासबारी, थानागद्दी नाउपुर, घुड़दौड़, गोबरा, बराई समेत 20 गांव की हजारों महिलाओं समेत लोक चेतना समिति से दीपमाला,सरिता, शीला, व ज्योति की भागीदारी रही।