लखनऊ: युवती को आत्महत्या के लिये उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
लखनऊ। अलीगंज पुलिस ने युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया है। युवती ने सुसाइड नोट में आरोपी का नाम लिखा था। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि बस्ती निवासी 30 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि महिला के साथ लखीमपुर ईशानगर निवासी अनिल कश्यप की दोस्ती थी।
विवाहित होने के बाद भी वह युवती पर दबाव बना कर साथ रहता था। इस बात से युवती तनाव में थी। उन्होंने बताया कि रविवार को पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया था। युवती ने अनिल कश्यप पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इस आधार पर आरोपी पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।