राज्यपाल कोश्यारी के विवादित बयान के विरोध में पुणे बंद | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
पुणे। छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के विवादित बयान को लेकर अलग-अलग संगठनों द्वारा आज पुणे बंद का आह्वान किया गया है। पुणे डेक्कन चौक से लेकर महाल इलाके तक विरोध मार्च का आयोजन किया गया और राज्यपाल को महाराष्ट्र से हटाने की मांग की जा रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज के 13 वें वंशज और बीजेपी सांसद उदयन राजे और संभाजी राजे ने बंद का समर्थन किया है।
उदयन राजे खुद इस विरोध मार्च में शामिल हो रहे हैं, संभाजी राजे दिल्ली में होने के कारण इस मार्च में शामिल नहीं हो सके। आज सुबह से ही बंद की वजह से शहर में सन्नाटा पसरा हुआ है। बंद को ध्यान में रखते हुए शहर में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त रखा गया है। सुबह छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पण करके डेक्कन जिमखाना से विरोध मार्च शुरू हुआ। यह विरोध मार्च डेक्कन जिमखाना चौक से अलका सिनेमा चौक से होते हुए लक्ष्मी रास्ता के माध्यम से बेलबाग चौक से लालमहाल तक निकाला जा रहा है।
आज के इस पुणे बंद से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। PMP बस सेवा और ऑटो रिक्शा, दुकानें, होटल बंद हैं। लेकिन स्कूल-कॉलेज शुरू हैं। हडपसर, कात्रज, नगर रास्ता, सातारा रास्ता, सिंहगढ़ रास्ता, कोथरुड, वारजे, यरवडा इलाके में कड़ी सुरक्षा बंदोबस्त की गई है।
Ad |