312 दिव्यांग बच्चों को बांटे 434 उपकरण | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। विश्व दिव्यांग दिवस पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से संविलियन विद्यालय बैरहना में शनिवार को दिव्यांग बच्चों के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं दिव्यांग उपकरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एलिम्को के सहयोग से 312 बच्चों को कुल 434 उपकरण वितरित किया गया।
इस मौके पर 100 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़, गायन व सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों के साथ ही सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने कहा कि दिव्यांगजनों में ईश्वर की दी हुई विलक्षण क्षमता होती है जिन्हें सजाने, संवारने एवं उज्जवल भविष्य को निखारने में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी नंद किशोर याज्ञिक ने सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। जिला समन्वय समेकित शिक्षा राजीव त्रिपाठी ने बताया कि दिव्यांग बच्चों को 72 ट्राई साइकिल, 54 व्हीलचेयर, 37 सीपी चेयर समेत 434 उपकरण वितरित किए गए। अतिथियों का स्वागत बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रज्ञा सिंह ने किया। कार्यक्रम में विजय कुमार सिंह, विनोद कुमार मिश्रा, डॉ. प्रज्ञा सिंह, महेंद्र सिंह यादव, आभा मधुर व नारायण सिंह आदि उपस्थित रहे।