बिहार के युवक का हत्यारोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। बिहार के रहने वाले सूरज गुप्ता की करछना में निर्मम हत्या करने वाला आरोपी फिरोज अहमद को करछना पुलिस ने सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसने खुद की हत्या साबित करने के लिए यह साजिश रची थी।
करछना क्षेत्र अंतर्गत अनमोल ढाबे के पास बीते माह 16 तारीख की रात बक्सर बिहार निवासी सूरज गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शव को जला दिया था। पुलिस ने छानबीन के बाद फिरोज अहमद को आरोपी बनाया। वारदात के बाद फरार फिरोज की पत्नी नजमा को साक्ष्य छिपाने के आरोप में पुलिस ने जेल भेज दिया। फिरोज को गिरफ्तार करने में करछना पुलिस व एसओजी यमुनापार पुलिस को सफलता मिली। पकड़े गए आरोपी फिरोज ने बताया कि उसने अपने साथियों शिव बाबू वह शमशेर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं।
इन मुकदमों से बचने के लिए फिरोज ने क्राइम पेट्रोल सीरियल देख कर साजिश रची। उसने अपने कद काठी जैसे युवक सूरज की हत्या कर दी। सूरज का कागजात हटाकर फिरोज ने अपना ड्राइविंग लाइसेंस और पर्स रख दिया ताकि उसकी पहचान फिरोज के रूप में हो सके लेकिन पुलिस की जांच में फिरोज फंस गया। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि मुठभेड़ में जख्मी फिरोज के पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।