राहुल की 'भारत जोड़ो यात्रा' ने मध्यप्रदेश में किया प्रवेश | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
बुरहानपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने आज सुबह महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया। यात्रा चार दिसंबर तक इस राज्य में रहेगी और आगरमालवा जिले से राजस्थान में प्रवेश करेगी। गांधी सुबह महाराष्ट्र के जलगांव जामोड़ से से बुरहानपुर जिले के बोदरेली गांव पहुंचे। वहां पर बंजारा नृत्य के माध्यम से गांधी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इसके बाद गांधी पदयात्रा के रूप में बोदरेली गांव से भी आगे बढ़ गए और यात्रा दिन में सुबह 10 बजे के आसपास बुरहानपुर जिले के जैनाबाद फाटा स्थित सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल पहुंचेगी। यहीं पर यात्रा का 'डे कैंप' रहेगा।
यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति राबर्ट वाड्रा भी देर रात बुरहानपुर जिले में पहुंचेंगे। प्रियंका पहले इंदौर आएंगी और फिर सड़क मार्ग से बुरहानपुर पहुंचेंगी। वे 24 और 25 नवंबर को यात्रा में शामिल होने के बाद 26 नवंबर को वापस लौट जाएंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, सुरेश पचौरी और अनेक नेता व पदाधिकारी यहां डेरा डाले हुए हैं।