नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। सिविल लाइंस में बिना हेलमेट स्कूटी से घूम रही युवतियों और बाइक सवार युवकों को यातायात पुलिस ने मंगलवार सुबह सुभाष चौराहे पर रोका। उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी और उन्हें हेलमेट वितरित कर यातायात माह का शुभारंभ किया। सुभाष चौराहे पर आयोजित यातायात माह के उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि लोगों में जागरूकता बढ़ी है। पहले की अपेक्षा काफी सुधार हुआ है लेकिन अभी और सुधार की आवश्यकता है। वहीं एडीजी प्रेम प्रकाश ने सभी को यातायात नियमों का पालन करने के लिए शपथ दिलाई।
उद्घाटन समारोह में डीएम संजय खत्री ने कहा कि एक बार वह अपने मित्र के साथ कार से जा रहे थे। इस दौरान हुए हादसे में उन्हें मामूली चोट आई। उस घटना के बाद से वह बिना सीट बेल्ट के गाड़ी में नहीं बैठते। आईजी राकेश सिंह ने कहा कि यातायात नियमों की जानकारी होने के बाद भी उसे पालन न करने वालों को सीखाना ज्यादा कठिन है। एसएसपी शैलेश पांडेय ने कहा कि सड़क हादसे में इस वर्ष डेढ़ लाख लोगों की मौत हुई है।
जख्मी हुए लोगों के आंकड़े बहुत ज्यादा है। यातायात में सुधार के लिए जागरूकता के साथ सड़क इंजीनियरिंग जरूरी है। इस कार्यक्रम में सिविल डिफेंस के पदाधिकारी, अन्नू गुप्ता, सुशील खरबंदा, महिला व्यापार मंडल से जुड़े पदाधिकारी आदि मौजूद रहे। इस अवसर पर एनसीसी के छात्रों ने सुभाष चौराहे से पत्थर गिरजाघर तक जागरूकता रैली निकालकर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने के लिए अपील की।
Ad |
Ad |
Ad |
0 टिप्पणियाँ