महाकाल लोक निर्माण में लगे श्रमिकों और कारीगरों का मुख्यमंत्री ने किया सम्मान | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को यहां प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में ‘‘महाकाल लोक’’ के निर्माण में लगे श्रमिकों और कारीगरों को सम्मानित किया और उनके साथ दोपहर का भोजन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले सप्ताह 351 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित महाकाल लोक गलियारे के पहले चरण का लोकार्पण किया था। चौहान ने महाकाल लोक के निर्माण में लगे श्रमिकों और शिल्पकारों का सम्मान किया और उन्हें दोपहर का भोजन परोसा तथा उनके साथ भोजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने महाकाल लोक के निर्माण के लिए कड़ी मेहनत की है और उनके साथ दोपहर का भोजन करके मैं बेहद खुश हूं।’’ चौहान ने कहा कि वह एक पत्र के साथ महाकाल मंदिर का प्रसाद देश के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों सहित देश के गणमान्य व्यक्तियों को भेज कर उन्हें महाकाल लोक के दर्शन के लिए आमंत्रित करेंगे। मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक परियोजना के दूसरे चरण के तहत 11.36 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से सात एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले मेघदूत उपवन की आधारशिला भी रखी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर और भू माफियाओं द्वारा निर्मित 187 दुकानों और उद्यानों को ध्वस्त कर इस परियोजना के लिए 69 करोड़ रुपए की भूमि का अधिग्रहण किया है। चौहान ने कहा कि स्मार्ट सिटी विभाग जमीन पर सिटी फॉरेस्ट विकसित करेगा, जिसमें चार्जिंग स्टेशन, वॉकिंग ट्रैक, बैठने की जगह, कैफेटेरिया के साथ 650 वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा होगी और नदी तट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने महाकाल लोक के दूसरे चरण के निर्माण के लिए किए जा रहे 20 फीट की गहराई तक उत्खनन कार्य के दौरान 11वीं सदी के परमार काल के मंदिरों के अवशेषों का निरीक्षण किया। संस्कृति विभाग ने खुदाई के दौरान मिले अवशेषों की जांच की। चौहान ने कहा कि जिस स्थान पर प्राचीन मंदिर के निशान मिले हैं, पुरातत्वविदों की रिपोर्ट के अनुसार उस जगह का पुनर्निर्माण किया जाएगा, जिसमें कहा गया था कि उस समय मौजूद मंदिर के शिखर की ऊंचाई जमीन से लगभग 37 फीट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, पुनर्विकास को जोड़ने से महाकाल मंदिर की भव्यता बढ़ेगी।
![]() |
Ad |
![]() |
Ad |
![]() |
Ad |