Jaunpur News: इस योजना के तहत ऋण लेने वाले युवा अपने रोजगार को मजबूत बनाएं: डीएम
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने अवगत कराया है कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत गत वित्तीय वर्ष में जनपद को कुल 2700 का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। जनपद के युवाओं के उत्साह, विश्वास और मेहनत ने इस लक्ष्य को बहुत पीछे छोड़ दिया। योजना अंतर्गत जनपद में कुल 9786 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 8406 आवेदन बैंकों को प्रेषित किए गए। जिसमें से 4026 आवेदन ऋण प्रदान करने हेतु स्वीकृत हुए है तथा अन्य 4092 आवेदन के सापेक्ष युवाओं को ऋण भी प्रदान किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर ऋण स्वीकृति हेतु कार्यवाही की जा रही है। युवाओं के सपने को साकार करने की दिशा में यह एक मजबूत और सार्थक कदम है।
उन्होने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा और मार्गदर्शन से इस वित्तीय वर्ष में जनपद ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है। यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए एक प्रेरणा है। अगर संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। जिलाधिकारी ने अपील किया है कि जिन युवाओं ने इस योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त किया है, वे अपने रोजगार को आगे बढ़ाने के साथ-साथ अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनें। वे अपने अनुभव साझा करें, दूसरों का मार्गदर्शन करें और अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित करें, जिससे जनपद विकास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू सके। उन्होंने यह भी बताया कि इस सफलता के पीछे जनपद के उपायुक्त उद्योग, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश, एलडीएम अभय श्रीवास्तव एवं प्रबंधक गौरव सहित जनपद के सभी बैंक प्रतिनिधीगण और अन्य अधिकारीगण और जनपदवासियों की निष्ठा, मेहनत और समर्पण का महत्वपूर्ण योगदान है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: 13 अप्रैल को जेम पोर्टल के माध्यम से करे आवेदन
| विज्ञापन |