Jaunpur News: थ्रेशर की चपेट में आकर श्रमिक की दर्दनाक मौत, गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़
दीनापुर गांव में गेहूं की मड़ाई के दौरान हादसा, पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चेतन सिंह @ नया सवेरा
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के दीनापुर गांव में गुरुवार को गेहूं की मड़ाई के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव कई टुकड़ों में बंट गया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग सिहर उठे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लगभग 35 वर्षीय मुलायम बनवासी पुत्र लालचंद निवासी बनकट बहरैची जिला भदोही के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग चार वर्षों से अपने ससुराल भदरांव गांव में पत्नी और एक पुत्र के साथ रह रहा था। परिवार के भरण-पोषण के लिए वह मजदूरी करता था और गांव निवासी पंडित सरोज के ट्रैक्टर-थ्रेशर पर श्रमिक के रूप में कार्यरत था।बताया जा रहा है कि गुरुवार को वह अपने ससुर, साले और अन्य लोगों के साथ बगल के दीनापुर गांव में गेहूं की मड़ाई कर रहा था। मड़ाई के दौरान वह प्लास्टिक की तिरपाल में गेहूं की बालियां भरकर थ्रेशर में डाल रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह थ्रेशर के अंदर खिंचता चला गया। जब तक आसपास मौजूद लोग मशीन को बंद करते तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पहुंची बरसठी पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से थ्रेशर में फंसे शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-थ्रेशर को कब्जे में लेकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। वह गर्भवती बताई जा रही है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वही घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: बदलापुर में KDR फाउंडेशन द्वारा आयोजित नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर संपन्न
![]() |
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |

