Jaunpur News: अंबेडकर जयंती पर छात्रावास में हुआ भव्य संवाद कार्यक्रम, शिक्षा और समरसता पर दिया गया जोर
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर चल रही कार्यक्रमों की शृंखला के अंतर्गत राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, पीलीकोठी में छात्रों के साथ संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष मछलीशहर डॉ. अजय कुमार सिंह ने छात्रों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर एक महान समाज सुधारक थे, जिन्होंने जीवनभर कमजोर, शोषित और वंचित समाज के उत्थान के लिए संघर्ष किया। वे अपने समकालीन राजनेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं में अत्यंत शिक्षित एवं दूरदर्शी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों और भेदभाव को एक गंभीर सामाजिक समस्या मानते हुए उसे समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किया।
डॉ. सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की सोच राष्ट्रवादी और देशभक्ति से ओतप्रोत थी। उन्होंने संविधान निर्माण के साथ-साथ देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखा। शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पियेगा वही दहाड़ेगा।” उन्होंने छात्रों को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश की प्रगति के लिए समाज में समानता और समरसता का होना अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक एवं जिला महामंत्री डॉ. अभिषेक रावत, जटाशंकर सिंह, चंद्र प्रकाश तिवारी, समाज कल्याण अधिकारी सहित छात्रावास के अनेक छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: संजय निषाद और बाबा दुबे की मुलाकात से बदली बदलापुर की राजनीति
| विज्ञापन |

