Jaunpur News: फार्मर रजिस्ट्री के लिए 6 अप्रैल से लगेंगे गांवों में शिविर
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की तथा इसे शीघ्र शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। फार्मर रजिस्ट्री कार्य को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने बैठक कर बताया कि सभी विकास खण्डों के लिए नामित 21 सहायक विकास अधिकारी कृषि अपनी तहसील से समन्वय कर उप जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक विकासखंड में अधिक फार्मर रजिस्ट्री पेंडेंसी वाले ग्राम पंचायतों को चिन्हित कर तथा अधिकारियों, कर्मचारियों को भेज कर फार्मर रजिस्ट्री विशेष कैंप लगाकर, फोन करवा कर किसानों को कैंप में बुलाकर उनकी फार्मर रजिस्ट्री कराई जाय।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार की प्राथमिकता योजना एग्रीस्टैक (डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर) के अंतर्गत पीएम किसान योजना के लाभार्थियों सहित सभी भूमिधारक कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री की जा रही है। जनपद के विभिन्न विकास खंडों में अभी भी कुछ कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री लंबित है, जिसे शीघ्र पूरा करने के लिए सोमवार से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार एवं मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन द्वारा हाल ही में की गई समीक्षा में निर्देश दिए गए हैं कि जिन ग्राम पंचायतों में अधिक संख्या में कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री शेष है, वहां विशेष कैंप लगाकर ग्राम पंचायत स्तर पर तैनात क्षेत्रीय कार्मिकों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद के सभी विकास खंडों के लिए 21 नोडल अधिकारी और 6 तहसील नोडल नामित किए गए हैं, जो अपने आवंटित विकास खंडों में नियमित रूप से उपस्थित रहकर चिन्हित ग्राम पंचायतों में 06 अप्रैल 2026 से विशेष कैंप आयोजित कर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण कराएंगे। पर्यवेक्षणी कार्य का दायित्व खण्ड विकास अधिकारी एवं तहसील नोडल करेंगे। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित ग्राम पंचायतों में आबादी क्षेत्र के निकट सार्वजनिक स्थलों पर कैंप आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक कृषक इन कैंपों में पहुंचकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा सकें।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मनबढ़ो ने युवक को बेरहमी से पीटकर किया अधमरा
जिलाधिकारी ने कहा कि नोडल अधिकारी स्वयं गांवों में भ्रमणशील रहकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएं। साथ ही कृषि विभाग के खंड स्तरीय अधिकारी एडीओ (कृषि) तथा ग्राम स्तरीय कार्मिक क्षेत्रीय लेखपाल, प्राविधिक सहायक, एटीएम एवं बीटीएम प्रतिदिन प्रातः 08 बजे से कैंप में उपस्थित रहकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त ग्राम सचिव, पंचायत सहायक भी कैंप में उपस्थित रहकर किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। उप निदेशक कृषि डा. वीबी द्विवेदी द्वारा ग्राम पंचायतवार एवं विकास खंडवार ऐसे कृषकों की सूची उपलब्ध कराई गई है, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री अभी शेष है।
उन्होंने बताया कि इन विशेष कैंपों के माध्यम से प्रतिदिन बनाई गई फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति रिपोर्ट संकलित कर जिलाधिकारी को अवलोकनार्थ उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र कृषक फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे और प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान चलाकर इसे शीघ्र पूर्ण किया जाए क्योंकि अब किसान सम्मान निधि सहित उर्वरक एवं अन्य लाभ उन्हीं किसानों को प्राप्त होगे जिनकी फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) बनी हो। इसलिए विशेष अभियान चलाकर शत प्रतिशत किसानों की आईडी बनाई जाय ताकि जनपद का कोई भी किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, मुख्य राजस्व अधिकारी, डीपीआरओ, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त तहसीलदार, उप परियोजना निदेशक आत्मा डा.रमेश चंद्र यादव आदि उपस्थित रहें।
![]() |
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |
