Jaunpur News: पीयू के दो विद्यार्थियों ने सीएसआईआर नेट में बाजी मारी
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय अंतर्गत सूक्ष्मजीवविज्ञान विभाग के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि एम एससी माइक्रोबायोलॉजी के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों मोहम्मद अदनान एवं नामीरा खान ने प्रतिष्ठित सीएसआईआर नेट दिसंबर 2025 परीक्षा को प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
दोनों विद्यार्थियों ने अपनी कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। सीएसआईआर नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षा में प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त करना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि विभाग एवं विश्वविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: जिलाधिकारी द्वारा हरियाणा में चयनित द्वय असिस्टेंट प्रोफेसर को बधाई दिए
इस उत्कृष्ट सफलता पर सूक्ष्मजीवविज्ञान विभाग के प्राध्यापकों, शोधार्थियों, सहपाठियों एवं समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी और वे भी उच्च शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित होंगे।


