Jaunpur News: भगवान राम का मर्यादित आचरण समाज के लिए अनुकरणीय: डा. मदन मोहन
नया सवेरा नेटवर्क
चंदवक, जौनपुर। क्षेत्र के थुंही गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित श्री राम कथा ज्ञानयज्ञ में श्रद्धालुओं को श्री राम कथा का रसपान कराते हुए मानस मर्मज्ञ डा. मदन मोहन मिश्र ने कहा कि भगवान श्रीराम द्वारा जीवन में अपनाया गया मर्यादित आचरण समाज के लिए अनुकरणीय है। मनुष्य के आचरण से उसका संस्कार परिलक्षित होता है। श्रीराम ने धनुष टूटने के पश्चात आक्रोशित परसुराम के प्रश्नों का उत्तर जिस शालीनता व मर्यादित तरीके से दिया वह जीवन में आत्मसात करने योग्य है। बताया कि संस्कारपूर्ण मर्यादित आचरण से ही जीवन अलंकृत होता है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मरीजों का हाल जानने जिला अस्पताल पहुंचे राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव
डा. मिश्र ने कहा कि मानव जीवन कई जन्मों में किए गए सत्कर्मों के फलस्वरूप प्राप्त होता है। इसलिए दैनिक जीवन के कार्यों में संस्कारयुक्त मर्यादित आचरण प्रस्तुत करना चाहिए जिससे लोक व परलोक दोनों सुधर जाय। जीवन में यह सुनिश्चित कर लिया जाना चाहिए कि हमसे कभी भी किन्हीं भी परिस्थितियों में किसी को कोई कष्ट न हो। कार्यक्रम में कथा वाचक अमरनाथ त्रिपाठी व डा. सुधा पांडेय ने श्रद्धालुओं को राम कथा का रसपान कराया। कार्यक्रम का संचालन विनोद कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रबंधक मीरा सिंह, पूर्व प्रधान राम प्रकाश सिंह, योगेंद्र सिंह, शिवमंगल सिंह, राम अवतार सिंह, शैलेश सिंह प्रधानाचार्य, आनंद सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
| विज्ञापन |

