Jaunpur News: अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 राम अक्षयवर चौहान और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सेवानिवृत्ति पर सम्मान समारोह आयोजित
जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने अंगवस्त्रम व स्मृति-चिह्न भेंट कर किया अभिनंदन
अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी भावपूर्ण विदाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राम अक्षयवर चौहान एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० लक्ष्मी सिंह के सफलतम कार्यकाल के उपरांत सेवानिवृत्ति के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र द्वारा दोनों वरिष्ठ अधिकारियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम एवं स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर उनके दीर्घ, निष्ठापूर्ण एवं उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि श्री राम अक्षयवर चौहान एवं डॉ० लक्ष्मी सिंह ने अपने सेवाकाल में प्रशासनिक एवं विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी के साथ किया। उन्होंने कहा कि अपर जिलाधिकारी श्री चौहान जी द्वारा निर्वाचन जैसे अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्यों में किए गए कार्य सराहनीय एवं प्रशंसनीय रहे हैं। उन्हें जो भी दायित्व सौंपा गया, उसका निर्वहन उन्होंने पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं कर्तव्यपरायणता के साथ किया, जो अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
यह भी पढ़ें | लोक चेतना के उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री निशांत बरनवाल और बरनवाल आभूषण भण्डार पतरही, डोभी जौनपुर की तरफ से देशवासियों को नव वर्ष 2026 एवं मकर संक्रान्ति की हार्दिक शुभकामनाएं
जिलाधिकारी ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि उनके अनुभव, कार्यशैली एवं मार्गदर्शन से जनपद प्रशासन को सदैव लाभ मिलता रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सेवा निवृत्ति के पश्चात भी उनका अनुभव समाज एवं प्रशासनिक कार्यों में उपयोगी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राम अक्षयवर चौहान एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० लक्ष्मी सिंह ने सम्मान समारोह के आयोजन हेतु जिलाधिकारी सहित जनपद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद में कार्य करने के दौरान उन्हें सहयोगपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण प्राप्त हुआ, जिसके कारण वे अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर सके।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ0 कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुमार सौरभ, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नन्दन सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी, उपजिलाधिकारीगण, तहसीलदारगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने दोनों वरिष्ठ सेवानिवृत्त अधिकारियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं सम्मानपूर्ण भविष्य की कामना की।



