Jaunpur News: सचिवालय भवन में रखे ड्रम से मिला मासूम का शव, हत्या की आंशका
बरसठी, जौनपुर। क्षेत्र के भगेरी गांव में शुक्रवार की देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के ग्राम पंचायत सचिवालय भवन के रखे ड्रम के अंदर एक मासूम बच्चे का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी बृजेश यादव का चार वर्षीय पुत्र ओम यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार ओम दोपहर घर के पास खेल रहा था। कुछ समय बाद वह अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद जब बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने इसकी सूचना रामपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर सहित गांव के विभिन्न स्थानों पर तलाश शुरू की गई। कई घंटे की तलाशी के बाद देर शाम ग्राम पंचायत सचिवालय भवन मे रखे ड्रम को खोलकर देखा गया, जहां ओम का शव मिला।
मासूम बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। सचिवालय भवन के आसपास भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। मृतक के पिता बृजेश यादव सूरत में एक बैग बनाने वाली कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार में दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा दिव्यांश है, जबकि ओम छोटा था। घटना के बाद मृतक की मां फोटो देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में मृतक के दादा राजनाथ यादव की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर सौंप दी गई है, जिसमें बच्चे की मौत को लेकर अज्ञात लोगों द्वारा हत्या की गंभीर आशंका जताई गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। रामपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं सीओ परमानंद कुशवाहा ने कहा कि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: घर से सिंचाई को गये किसान का शव संदिग्ध हाल में खेत में मिला

