Bareilly News: बीजेपी विधायक प्रो श्याम बिहारी लाल का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घर जाकर दी पुष्पांजलि
निर्भय सक्सेना
बरेली। फरीदपुर के बीजेपी विधायक प्रो श्याम बिहारी लाल का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। इससे पूर्व फरीदपुर श्मशान घाट पर उनके पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।इस अवसर पर मंत्रीगण, विधायक एवं प्रशासनिक पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शनिवार सुबह बरेली पहुंचे। इसके बाद बीजेपी विधायक प्रो श्याम बिहारी लाल के निवास पर गए और विधायक के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि दी। मुख्यमंत्री ने विधायक श्याम बिहारी लाल के परिवारजनों को ढांडस बंधाते हुए कहा इस शोक की घड़ी में सभी बीजेपी के लोग उनके दुख में शामिल हैं। मुख्यमंत्री सुबह राजकीय विमान से बरेली आए और त्रिशूल से सीधे स्वर्गीय विधायक के आवास पर गए थे। कुछ देर रुक कर वह वापस लखनऊ लौट गए। इसके बाद प्रो श्याम बिहारी लाल की शवयात्रा उनके निवास से फरीदपुर गई। पार्टी कार्यालय में जनता के दर्शनार्थ उनका पार्थिव शरीर रखा गया जहां उनके शुभचिंतको का हुजूम उमड़ा और सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम बिदाई दी।
बाद में प्रो श्याम बिहारी लाल जी का अंतिम संस्कार भी फरीदपुर श्मशान घाट पर ही किया गया। उनके पुत्र ईशान ने मुख्यग्नि दी। श्मशान घाट पर उनके समर्थकों के हुजूम के कारण वहां पैर रखने की भी जगह नहीं थी। स्मरण रहे शुक्रवार को सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक के बाद निकलते समय फरीदपुर से बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया गया कि उन्हें तेज हार्ट अटैक आया, जिसके बाद आनन- फानन में उन्हें मेडिसिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: समाज के विकास के लिए एकमंच पर आना होगा : अंजनी प्रजापति
प्रो श्याम बिहारी लाल के निधन की खबर से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि प्रो श्याम बिहारी लाल ने कल ही 59 वा अपना जन्मदिन भी जोश से मनाया था। प्रो श्याम बिहारी लाल फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार बीजेपी विधायक निर्वाचित हुए थे। वे सरल स्वभाव और जनसेवा के लिए जाने जाते थे। वह अपने पीछे पत्नी श्रीमती मंजुलता एवं दो विवाहित पुत्रियां छोड़ गए। उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक व्याप्त रहा। घटना की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों का अस्पताल के बाद उनके निवास में तांता लग गया। शनिवार को फरीदपुर में उनकी शव यात्रा को ले जाया गया जहां भीड़ के बीच लोगों ने अपने विधायक श्याम बिहारी लाल के पार्थिव शरीर के नम आंखों से अंतिम दर्शन किए और अंतिम संस्कार में उन्हें अंतिम बिदाई दी।


