Jaunpur News: जनता की सेवा के लिए नियुक्त किए गए हैं सभी अफसर : दिनेश कुमार सिंह
जौनपुर। भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर (प्रशासन गांव की ओर-2025) कार्यक्रम के अंतर्गत पांचवां सुशासन सप्ताह-2025 का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिलाधिकारी जौनपुर दिनेश कुमार सिंह का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह, वर्तमान जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र तथा अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एंव राजस्व रामअक्षयवर चौहान द्वारा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
पूर्व जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने अटल जी के चरणों में प्रणाम करते हुए कहा कि सुशासन सप्ताह-2025 में सम्मिलित होकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी पद पर रहते हुए यदि अधिकारी स्वयं को एक सामान्य नागरिक की तरह समझकर समस्याओं का निस्तारण करे, वही सच्चा सुशासन है। उन्होंने विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए अपने अनुभवों को साझा किया तथा कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जनता की सेवा के लिए नियुक्त किए गए हैं। बिना किसी भेदभाव के शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन ही अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने जनपद जौनपुर में महाकुंभ के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र एवं उनकी टीम की सराहना की।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने अपने संबोधन में कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने समर्पित भाव से देश के विकास के लिए कार्य किया। शासन द्वारा उनके जन्मदिवस के अवसर पर सुशासन दिवस मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जनपद, तहसील एवं विकासखंड स्तर पर व्यापक रूप से जनसेवा एवं जनशिकायत निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी विभाग ग्राम पंचायत स्तर पर चौपालों का आयोजन कर आम जनमानस की समस्याओं को सुनते हुए उनका प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: किसानों की प्रगति से होगी देश की उन्नति: सांसद राज्यसभा
विभिन्न विभागों द्वारा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, समस्त प्रकार की पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, खतौनी, भूमि विवाद निस्तारण, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सेवाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि पिछले 01 वर्ष 02 माह में लगभग 80 हजार से अधिक निर्विवाद प्रकरण दर्ज कराकर निस्तारित किए गए हैं। माननीय मुख्यमंत्री जी के विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वाधिक शिकायतें दर्ज कराते हुए उनका निस्तारण किया गया है। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों, जिनमें उपजिलाधिकारी बदलापुर योगिता सिंह, उपजिलाधिकारी केराकत शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं, को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सुशासन सप्ताह के अंतर्गत तहसील मडियाहु के ग्राम मढी निवासी मृतक विकास पटेल पुत्र कमलेश पटेल की माता बसंती पटेल को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत 05 लाख रुपये के चेक भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 गोरखनाथ पटेल संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


