BREAKING

Jaunpur News: कर्मयोग, मद्य निषेध एवं विकसित भारत विषयक गोष्ठी का सफल आयोजन

मुख्य अतिथि वेंकटेश्वर लू द्वारा सामाजिक समरसता एवं जनजातीय उत्थान पर जोर

नशा-मुक्ति, जनजागरण एवं सामाजिक सुधार पर हुई सारगर्भित चर्चा

कर्मयोग, सेवा-भाव और सद्भावना को समाज विकास की आधारशिला

नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश तथा महानिदेशक उपाम वेंकटेश्वर लू (IAS), अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि डॉ. संजय चतुर्वेदी, इस्कॉन परिवार के दिव्य नितायी दास तथा जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 राम अक्षयबर चौहान सहित अन्य की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में “कर्मयोग, मद्य निषेध एवं विकसित भारत” विषय पर एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया।

अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव वैकंटेश्वर लू द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। जिलाधिकारी ने अपर मुख्य सचिव, अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि, इस्कॉन परिवार के प्रतिनिधि को बुके, स्मृति चिह्न, अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया। गोष्ठी में जनपद के कॉलेजों के प्राचार्यगण, शिक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संस्थाएँ एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जनजागरण, नशा-मुक्ति, सामाजिक सुधार तथा विकसित भारत अभियान के संदर्भ में मुख्य अतिथि वैकंटेश्वर लू ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि प्रदेश में जनजातीय समाज को मुख्य धारा में जोड़ने, सामाजिक समरसता स्थापित करने तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब संकीर्णता समाप्त हो, आपसी सद्भाव बढ़े और “विविधता में एकता” के सिद्धांत को आत्मसात किया जाए। विभिन्न विभागों एवं समाज के सभी वर्गों के बीच कन्वर्जेन्स (समन्वय) विकसित करना अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य अतिथि ने कर्मयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर्म ही पूजा है, कर्म से ही राष्ट्र व समाज का विकास संभव है। सेवा-भाव, निस्वार्थ कर्म तथा सद्भावना समाज को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी शक्ति है। काम, क्रोध और लोभ को मानव जीवन का पतनकारी बताया तथा इनसे दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईश्वर भक्ति और देशभक्ति का आधार प्रेम है। जब कर्म में सेवा और समर्पण का भाव होता है, वही यज्ञ बन जाता है और वही समाज एवं व्यक्ति दोनों को ऊपर उठाता है। उन्होंने  यह भी बताया कि सत्य, अनुशासन, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति वास्तविक आनंद प्राप्त कर सकता है। लोभ, अनैतिकता और स्वार्थ से व्यक्ति का आंतरिक संतुलन नष्ट हो जाता है जिससे नैतिक एवं शारीरिक दोनों प्रकार की हानि होती है।

उन्होंने वर्तमान पीढ़ी, विशेषकर छात्रों एवं युवाओं से कहा कि वे समाज, राष्ट्र और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और अपने कर्मों को यज्ञ-भाव से करें। जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र ने कहा कि समाज और प्रशासन के सामंजस्यपूर्ण विकास में आध्यात्मिक संगठनों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने गायत्री परिवार की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि गायत्री परिवार केवल एक संस्था नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर धर्म, संस्कृति और संस्कारों के ध्वजवाहक के रूप में कार्य कर रहा है। यह संगठन गांव–गांव में पहुंचकर संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने के अपने संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि उन्हें स्वयं इस परिवार से लंबे समय तक जुड़े रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने उपस्थित सभी प्राचार्यों, शिक्षकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं समस्त नागरिकों से अपील की कि वे समर्थ पोर्टल पर अपने मूल्यवान सुझाव अवश्य दर्ज करें। उन्होंने कहा कि आपके सुझाव विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को और अधिक सशक्त एवं परिणामकारी बनाएंगे।

गोष्ठी के प्रतिनिधि अखिल विश्व डॉ० संजय चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि गायत्री परिवार केवल एक संस्था नहीं, बल्कि संस्कारवान मानव निर्माण का वैश्विक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि समाज में नैतिकता, सद्भाव एवं सेवा भावना जगाने का कार्य यह संगठन निरंतर कर रहा है। 

यह भी पढ़ें | Jaunpur News: आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम भाजपा कार्यालय में भव्य प्रोफेशनल मीट

उन्होंने बताया कि गायत्री परिवार गांव–गांव तक पहुंचकर धर्म, संस्कृति एवं जीवन मूल्यों के संवर्धन का कार्य कर रहा है। उन्होंने स्वयं के हरिद्वार से जुड़े प्रारंभिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह संगठन विश्व में आध्यात्मिक जागृति का ध्वजवाहक बनकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी स्वयं धर्म, संस्कृति, वीरता एवं उत्तम प्रशासन के प्रतीक हैं और हम सभी उनके मार्गदर्शन से ऊर्जा प्राप्त कर रहे हैं। गोष्ठी में इस्कॉन परिवार के प्रतिनिधि दिव्य नितायी दास ने कहा कि कर्मयोग, राष्ट्रनिर्माण तथा भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा पर विस्तृत उद्बोधन दिया।

उन्होंने कहा कि मिशन कर्मयोगी माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा दिया गया एक दूरदर्शी कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक, कर्मचारी तथा अधिकारी को कर्मचारी से आगे बढ़कर कर्मयोगी बनाना है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम हमें रूल बेस्ड से रोल बेस्ड कार्य पद्धति की ओर ले जाता है, जहाँ लक्ष्य केवल फाइल मूवमेंट नहीं, बल्कि परिणाम आधारित कार्य संस्कृति है। श्री दिव्य नितायी दास ने कर्म के तीन आयाम—कर्मभोगी, कर्मत्यागी एवं कर्मयोगी—का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्मयोगी वह है जो व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण के लिए योगदान दे। भारत के अमृत काल में प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक का दायित्व है कि वह अपनी सर्वोत्तम क्षमता के साथ देश को विश्व गुरु बनाने में सहभागिता निभाए। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के आदर्श को मानवता का सर्वोच्च संदेश बताया तथा कहा कि भारतभूमि पर जन्म लेना कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि एक विशिष्ट जिम्मेदारी है। प्रत्येक भारतवासी का पहला कर्तव्य है कि वह अपने जीवन को महान भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप परिपूर्ण करे और तत्पश्चात पूरे विश्व का मार्गदर्शन करे। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कर्मयोग के सिद्धांतों को जीवन में अपनाते हुए कर्तव्यनिष्ठ, परिणाममुखी और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने वाली कार्यशैली विकसित करें, ताकि भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित किया जा सके। इस दौरान विभिन विद्यालय से आए प्राचार्यगण और अधिकारीगण को मुख्य अतिथि ने भगवत गीता की पुस्तक भेट की।  जिलाधिकारी ने अपने लिखी पुस्तक कर्मकुभ को मुख्य अतिथि सहित मंचासीन अतिथियों को भेंट किया। मुख्य अतिथि द्वारा सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति हेतु शपथ भी दिलाई गई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम  के अंत में सभी  का आभार मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया  द्वारा किया गया और संचालन सलमान शेख ने किया।  इस अवसर पर अधिकारीगण, बेसिक माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्राचार्य शिक्षकगण, छात्र सहित अन्य उपस्थित रहे।

*जौनपुर टाईल्स एण्ड सेनेट्री | लाइन बाजार थाने के बगल में जौनपुर | सम्पर्क करें - प्रो. अनुज विक्रम सिंह, मो. 9670770770*
विज्ञापन


वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह की तरफ से विजयादशमी, धनतेरस, दीपावली, भैया दूज, डाला छठ और देव दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं
विज्ञापन



नया सबेरा का चैनल JOIN करें