Jaunpur News: समाधान दिवस पर लेखपालों ने दिया धरना
नया सवेरा नेटवर्क
केराकत, जौनपुर। लंबित मांगो पर कोई कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध लेखपालों ने शनिवार को समाधान दिवस के मौके पर एसडीएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया और एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा। तहसील के लेखपालों ने कहा कि शासन पिछले कई वर्षों से उनकी उपेक्षा कर रहा है। उनकी मांगो पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रारम्भिक वेतनमान बढ़ाने, पदनाम लेखपाल से बदल कर राजस्व उपनिरीक्षक करने, नायब तहसीलदार के 50 प्रतिशत सीधी भर्ती के पदों में से 25 फीसदी पद लेखपालों के लिए रिजर्व करने के अलावा अंतर्मण्डलीय स्थानांतरण, स्टेशनरी भत्ता सौ रूपये से बढ़ाकर एक हजार रूपये, मोटरसाईकिल भत्ता आदि मांगों को लेकर लेखपाल संघर्ष रत है। लेखपालों ने कहा कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वे अतिरिक्त क्षेत्रों को छोड़कर कार्य बहिष्कार करेंगे। इसके अलावा वे सरकार के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों के आवास पर प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के तहसील अध्यक्ष चंद्रमोहन यादव और मंत्री रामेश्वर यादव ने किया। इस मौके पर आमीन खान, धनंजय सिंह मोहम्मद इस्लाम, अर्चना वर्मा, गोविन्द कुमार आदि थे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: मजबूत मन से बनेगा मज़बूत राष्ट्र
