National : पीएम मोदी ने सेमीकॉन इंडिया 2025 का किया उद्घाटन
भारत बनेगा फुल स्टैक सेमीकंडक्टर नेशन: मोदी
भारत में निर्मित पहली चिप का भी किया अनावरण
देश में अब तेजी से हो रहा है काम
नया सवेरा नेटवर्क
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि भारत अपनी युवा प्रतिभाओं के बलबूते सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में एक फुलस्टेक डेवेलपर राष्ट्र बनेगा और डिजायन से लेकर निर्माण की हर प्रक्रिया में आत्मनिर्भरता हासिल करेगा। प्रधानमंत्री मंगलवार को यशोभूमि, नई दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया 2025 का उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर भारत में निर्मित पहली चिप का भी अनावरण किया। केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स और सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री को विक्रम 32-बिट प्रोसेसर और चार परीक्षण चिप्स भेंट किए। प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अब सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में केवल बैक एंड वर्क तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि तेजी से एक फुल स्टैक नेशन बनने की ओर अग्रसर है। देश डिजाइन से लेकर निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया स्वयं करेगा। भारत की सेमीकंडक्टर सफलता की कहानी किसी एक कार्यक्षेत्र या किसी एक तकनीक तक सीमित नहीं है।
भारत एक व्यापक पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रहा है- जिसमें डिजाइनिंग, निर्माण, पैकेजिंग और उच्च तकनीक वाले उपकरण, सभी देश के भीतर शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेमीकंडक्टर मिशन केवल एक फैब स्थापित करने या एक चिप बनाने तक सीमित नहीं है। देश इस क्षेत्र में दुनिया की सबसे उन्नत तकनीकों के साथ-साथ आगे बढ़ रहा है। भारत एक मजबूत सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रहा है जो देश को आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा। उन्होंने उपस्थित सभी निवेशकों का खुले दिल से स्वागत करने की भारत की तत्परता का इजहार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत की नीतियां अल्पकालिक संकेत नहीं, बल्कि दीर्घकालिक प्रतिबद्धताएं हैं और प्रत्येक निवेशक की जरूरतें पूरी की जाएंगी। आज पूरी दुनिया भारत पर भरोसा करती है और भारत के साथ मिलकर सेमीकंडक्टर भविष्य का निर्माण करने को तैयार है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: गणेशोत्सव, महाराष्ट्र और उत्तर भारत की संस्कृति का संगम : विमल प्रताप सिंह
मोदी ने कहा कि देश में अब तेजी से काम हो रहा है। हमारा मानना है कि जितना कम 'पेपरवर्क' होगा, उतना ही जल्दी 'वैफर वर्क' शुरू हो सकेगा। सरकार प्रक्रियाओं को सरल बनाकर उद्योग जगत को नई ऊर्जा देने का कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह दिन दूर नहीं जब दुनिया कहेगी- डिजाइन इन इंडिया, मेड इन इंडिया, ट्रस्टेड बाइ वर्ल्ड। (भारत में डिजाइन किया, भारत में निर्मित और विश्व का भरोसेमंद)। प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि दुनिया में सेमीकंडक्टर डिजाइन बनाने वाली प्रतिभाओं में बीस प्रतिशत भारतीय हैं। देश के युवा सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए सबसे बड़ी मानव पूंजी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने युवा उद्यमियों, नवप्रवर्तकों और स्टार्ट-अप्स से आगे आने का आग्रह किया और आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। प्रधानमंत्री ने तेल को ब्लैक गोल्ड कहे जाने की अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज चिप्स डिजिटल डायमंड्स बन चुके हैं। तेल
उन्होंने कहा कि अब भारत इस क्षेत्र में अग्रणी बनने का संकल्प ले चुका है। भारत जिस गति से प्रगति कर रहा है, उस पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि 2021 में सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि 2023 तक भारत का पहला सेमीकंडक्टर प्लांट स्वीकृत हो चुका है, 2024 में कई और प्लांट्स को मंजूरी मिल गई है और 2025 में पाँच अतिरिक्त परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है।
उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर, दस सेमीकंडक्टर परियोजनाएं अभी चल रही हैं, जिनमें लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश शामिल है। यह भारत में बढ़ते वैश्विक विश्वास को दर्शाता है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, रेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
![]() |
| विज्ञापन |


