Jaunpur News: मनगढ़ से दर्शन कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
मोहनगंज में पानी पीने के लिए रुकने के दौरान कार ने मारी टक्कर
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के लौंदा गांव निवासी आदित्य सिंह (20) की रविवार रात एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा प्रतापगढ़ जनपद के मोहनगंज क्षेत्र में उस समय हुआ जब वह अपने मित्र के साथ मनगढ़ धाम से दर्शन कर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, आदित्य अपने दोस्त लाल बहादुर सोनी के साथ बाइक से मनगढ़ धाम गया था। लौटते समय रात लगभग 10 बजे दोनों मोहनगंज के पास पानी पीने के लिए रुके। आदित्य जैसे ही बाइक की डिग्गी से पानी की बोतल निकालकर सड़क के उस पार हैंडपंप की ओर बढ़ा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें | पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण का जौनपुर आगमन, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत
बताया जाता है कि टक्कर इतनी तेज थी कि आदित्य दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव को घर ले आए। बाद में पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
मृतक आदित्य परिवार का इकलौता सहारा था। उसके बड़े भाई की दो वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मृत्यु हो चुकी थी। पिता की उम्र अधिक होने और मां के अस्वस्थ होने के कारण परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। चौकी प्रभारी प्रद्युम्न मणि त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
![]() |
विज्ञापन |