UP News : फ्लाईओवर पर बाइक फिसलने से हादसा, युवक की मौत | Naya Savera Network
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के मंडुवाडीह-महमूरगंज फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय विवेक गौड़, निवासी बड़ौरा बाजार के रूप में हुई है। वे आवास विकास विभाग में संविदा कर्मी के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, विवेक सुबह अपनी बाइक से निकले थे। जब वे मंडुवाडीह फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी उनकी बाइक अचानक स्लिप हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में वे बाइक में फंसकर घसीटते हुए दूसरी बाइक से टकरा गए। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल विवेक व दूसरे बाइक सवार को महमूरगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान दोपहर में विवेक ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि विवेक आमतौर पर हेलमेट पहनकर ही निकलते थे, लेकिन संभवतः हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी जान चली गई।

