Mumbai News: भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से दिया जायेगा विशेष भाषा शिखर सम्मान : आशीष शेलार | Naya Sabera Network
- महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के प्रतिष्ठित पुरस्कारों का हुआ वितरण
नया सवेरा नेटवर्क
अच्छे बाल साहित्य की निर्मिती पर अधिक ज़ोर देने की जरूरत
महाराष्ट्र के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि महाराष्ट्र की भूमि मराठी के साथ-साथ हिंदी साहित्य और भाषा के संवर्धन के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र देश का केवल एकमेव ऐसा राज्य है, जहां 10 भाषाओं की अकादमियां सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इन सभी भाषाओं के संवर्धन हेतु महाराष्ट्र सरकार अधिकाधिक प्रयास करती दिखेगी। शेलार ने कहा कि भाषा समाज को जोड़ने और संस्कारों के संवर्धन का महत्वपूर्ण माध्यम है इसलिए अच्छे बाल साहित्य की निर्मिती पर अधिक ज़ोर दिया जाना चाहिये, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी भी छत्रपति संभाजी राजे और तारा रानी जैसे महानायकों तथा भारत की समृद्ध एवं अनमोल धरोहर से परिचित हो सके।
46 साहित्यकारों को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर सभी का स्वागत करते हुए महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ. शीतला प्रसाद दुबे ने अकादमी की विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस समारोह में कुल 46 साहित्यकारों को सम्मानित किया जा रहा है और विशेष उल्लेखनीय बात यह है कि इस साल से विभिन्न पुरस्कारों की राशि दो गुना कर दी गई है। इसके फलस्वरूप सर्वोच्च पुरस्कार दो लाख रुपये का दिया जा रहा है। कार्याध्यक्ष डॉ. दुबे ने पुरस्कार राशि में इस उल्लेखनीय बढ़ोतरी के लिए महाराष्ट्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
सुप्रसिद्ध साहित्यकार रामकृष्ण सहस्त्रबुद्धे सम्मानित
पुरस्कार वितरण समारोह की शुरुआत सांस्कृतिक राज्य मंत्री और विभिन्न गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और महाराष्ट्र राज्य गीत के साथ हुई। इस अवसर पर पुण्य श्लोका अहिल्यादेवी होलकर की 300वीं जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में सुरुचिपूर्ण नाटक के प्रभावशाली मंचन ने सभी को अभिभूत कर दिया। बाद में सांस्कृतिक कार्य मंत्री और अन्य अतिथिगणों द्वारा विभिन्न पुरस्कारों का वितरण किया गया। इस वर्ष अखिल भारतीय सम्मान जीवन गौरव पुरस्कारों में ‘महाराष्ट्र भारती अखिल भारतीय हिंदी सेवा पुरस्कार’ के लिए सुप्रसिद्ध साहित्यकार रामकृष्ण सहस्त्रबुद्धे तथा ‘डॉ. राम मनोहर त्रिपाठी अखिल भारतीय हिंदी सेवा पुरस्कार’ के लिए सुप्रसिद्ध साहित्यकार प्रो. (डॉ.) श्रीराम परिहार को सम्मानित किया गया।
36 साहित्यकारों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किये गये
राज्य स्तरीय सम्मान जीवन गौरव पुरस्कारों के अंतर्गत ‘छत्रपति शिवाजी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार’ राजेश कुमार मिश्र उर्फ राजेश विक्रांत को, ‘साने गुरुजी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार’ ऋषिकुमार मिश्र को, ‘पद्मश्री अनंत गोपाल शेवडे हिंदी सेवा पुरस्कार’ डॉ. संजय सिंह को, ‘डॉ. उषा मेहता हिंदी सेवा पुरस्कार’ डॉ. सुष्मिता भट्टाचार्य को, ‘गजानन माधव मुक्तिबोध मराठी भाषी हिंदी लेखक पुरस्कार’ प्रो (डॉ.) विजयकुमार रोडे को, ‘कांतिलाल जोशी इतर हिंदी भाषी हिंदी लेखक पुरस्कार’ गीता माणेक को, ‘व्ही. शांताराम ललित कला हिंदी विशिष्ट सेवा पुरस्कार’ अखिलेंद्र मिश्र को तथा ‘सुब्रमण्य भारती हिंदी सेतु विशिष्ट सेवा पुरस्कार’ शीला डोंगरे को प्रदान किया गया। इनके अलावा अकादमी के 14 विधा पुरस्कारों के अंतर्गत कुल 36 साहित्यकारों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किये गये।
आईपीएस अधिकारी कृष्ण प्रकाश, उद्योगपति राजेंद्र सिंह भी सम्मानित
आईपीएस अधिकारी कृष्ण प्रकाश और उद्योगपति राजेंद्र सिंह को भी उनकी उत्कृष्ट साहित्यिक कृतियों के लिए सम्मानित किया गया। इस समारोह में मंच पर सांस्कृतिक कार्य मंत्री और कार्याध्यक्ष के अलावा महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी की उपाध्यक्षा डॉ. श्रीमती मंजू लोढ़ा, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुधाकर मिश्र, फिल्म सिटी के पूर्व उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र, वरिष्ठ आरटीआई एक्टिविस्ट अनिल गलगली और वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र विराजमान थे। सभागार में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सभी सदस्यों और पुरस्कार विजेताओं के परिजनों सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी शामिल हुए।
आनंद प्रकाश सिंह ने किया कार्यक्रम का संचालन
समारोह का सुरुचिपूर्ण सूत्र संचालन वरिष्ठ मंच संचालक आनंद प्रकाश सिंह और वरिष्ठ टीवी पत्रकार प्रसाद काथे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अंत में अकादमी के सदस्य सचिव और सह निदेशक सचिन निंबालकर ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।
![]() |
विज्ञापन |