Mumbai News : देवेंद्र फडणवीस को मिली पाक नंबर से जान से मारने की धमकी | Naya Savera Network
नया सवेरा नेटवर्क
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दफ्तर पर हमले की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी एक पाकिस्तानी नंबर से व्हाट्सएप पर भेजी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां और चौकन्नी हो गई है। मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू कर दी। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय समेत अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरा मैसेज मुंबई पुलिस के ट्रैफिक विभाग को मिला, जिसके बाद वर्ली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। मैसेज भेजने वाले संदिग्ध ने खुद का नाम मलिक शहबाज हुमायूं राजा देव बताया है।
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इस धमकी के पीछे कोई विदेशी साजिश हो सकती है। इस लिए हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से आरोपी को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।
इस मैसेज की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि यह मैसेज कहां से और किस मकसद से भेजा गया है। फिलहाल मुख्यमंत्री के साथ-साथ शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।