Jaunpur News : मुनि वशिष्ठ को मिला ब्रह्म के नामकरण का सौभाग्य: अनुराग कृष्ण | Naya Savera Network
- सप्त दिवसीय श्रीराम कथा का हुआ आयोजन
नया सवेरा नेटवर्क
सुइथाकला, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड क्षेत्र के चौबाहा गांव स्थित पावन हनुमान मंदिर पर आयोजित सप्त दिवसीय राम कथा के छठवें दिन वृन्दावन धाम से पधारे राम कथा गायक अनुराग कृष्ण शास्त्री ने भगवान के प्राकट्य के उपरांत चारों भाइयों के नामकरण की कथा का रसपान कराया।
कथा श्रवण के अनुक्रम में शास्त्री जी ने कहा कि भगवान के प्राकट्य के उपरांत सम्पूर्ण विश्व इस तरह आनन्दमय हो गया कि एक दिन के रूप में एक महीने का समय व्यतीत हो गया और इस रहस्य को कोई जान नहीं पाया।" मास दिवस कर दिवस भा, मरम न जानइ कोइ"। इसके बाद भी अवधवासियों के दिन रात इस तरह आनन्दमय बीत गये कि लोगों को इसका पता हीं नहीं चल सका। तब राजा दशरथ ज्ञानी मुनि वशिष्ठ जी से चारों पुत्रों के नामकरण संस्कार का आग्रह किये। संचित तप के प्रतिफल में मुनि वशिष्ठ को व्रह्म के नामकरण का सौभाग्य प्राप्त हुआ और नामकरण संस्कार प्रारम्भ करते करते हुए मुनि वशिष्ठ ने कहा कि हे राजन्! इनके अनेक अनुपम नाम हैं, फिर भी मैं अपनी बुद्धि के अनुसार चारों पुत्रों का नामकरण कर रहा हूँ।
जो आनंद सिंधु सुखरासी। सीकर तें त्रैलोक सुपासी।। सो सुख धाम राम अस नामा। अखिल लोक दायक बिश्रामा॥ जो आनन्द के समुद्र और सुखकी राशि हैं, जिस आनन्दसिन्धु के एक कणसे तीनों लोक सुखी होते हैं, उन सबसे बड़े पुत्र का नाम 'राम' है जो सुख का भवन और सम्पूर्ण लोकोंको शान्ति देने वाले है। जो संसार का भरण-पोषण करते हैं, उनका नाम 'भरत' होगा जिनके स्मरण मात्र से शत्रुका नाश होता है, उनका वेदों में प्रसिद्ध 'शत्रुघ्न' नाम है।
अन्त में शेषावतार का नाम लक्ष्मण रखते हुए मुनि ने कहा ये शुभ लक्षणोंके धाम, श्री रामजी के प्रिय और सारे जगत् के आधार है। कथा के अनुक्रम में उन्होंने भ्रूण हत्या को महापाप बताते हुए यह संदेश दिया कि "दो पिता माता संग दोनो परिवार की, चिंता करती हैं निश्छल सदा बेटियाँ। सेवा सम्मान आदर हैं देती सदा, कर्म से करती पावन दो कुल बेटियां। कथा समापन अवसर पर भारी संख्या में उपस्थित भक्तों ने आरती और प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर संयोजक राम प्रकाश दुबे, संकठा तिवारी, जितेंद्र सिंह, राम नवल दुबे, अजीत प्रजापति, पवन तिवारी, विपिन तिवारी, अंगद तिवारी, रमेश तिवारी सहित तमाम कथाप्रेमी उपस्थित रहे।
Tags:
Hindi News
Jaunpur
Jaunpur Live
Jaunpur Live
News
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Purvanchal News
recent
Uttar Pradesh News



