Jaunpur News : धरती पर उतरा स्वर्ग... दीपों से जगमगा उठे देवस्थल | Naya Savera Network
- शीतला चौकियां धाम में 51 हजार दीपों से हुई सजावट
- गोपी घाट, विसर्जन घाट समेत गोमती किनारे घाटों पर हुई अच्छी सजावट
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। देवदीपावली के अवसर पर चौकियां धाम मंदिर, विसर्जन घाट, हनुमान घाट, गोपी घाट सहित सभी देवस्थल दीपों से जगमगा उठे। देव दीपावली के अवसर पर नखास स्थित घाटों पर आयोजित कार्यक्रम में गोमती आरती, रंगोली सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। सद्भावना पुल, शाही पुल सहित अन्य घाट दीपों से देर रात तक जगमगाते रहे।
पूर्वांचल की शक्तिपीठ मां शीतला चौकियां धाम में भव्य देव दीपावली महोत्सव हुआ जहां मंदिर के पीछे स्थित ऐतिहासिक कुण्ड को 51 हजार दीपों से सजाया गया। इसको देखकर सहसा लोगों ने कह दिया कि आज धरती पर स्वर्ग उतर आया है। इसके पहले माता रानी का भव्य श्रृंगार के बाद सभी देवी-देवियों का आह्वान हुआ जिसके बाद श्री मां शीतला युवा कार्यसमिति के कार्यकर्ताओं ने कुण्ड की पूरी सीढ़ी को दीपों से सजाया। इस दौरान आये अतिथियों ने कहा कि माता रानी के इस धाम का देव दीपावली वाकई अद्वितीय है जिसकी कल्पना करना बेमानी होगा।
इसी क्रम में श्री देव दीपावली समिति विसर्जन घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। मां आदि गंगा गोमती के पावन तट पर हजारों दीपों से जगमगा उठा। इसी क्रम में ऐतिहासिक शाही पुल के बगल स्थित गोपी घाट पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भव्य देव दीपावली महोत्सव हुआ जहां विविध कार्यक्रम किये गये। इस मौके पर जहां मां आदि गंगा गोमती की आरती के साथ आतिशबाजी की भव्य प्रस्तुति की गयी, वहीं रंगोली समेत विविध आयोजन हुआ।
इसी क्रम में नगर के गोकुल घाट पर भव्य श्री देव दीपावाली महोत्सव संपन्न हुआ। गौरतलब हो कि सर्व प्रथम गोकुल घाट पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसके पश्चात आदि गंगा गोमती पूजन, दीपदान, महाआरती व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वही, कार्यक्रम में भाग लिए बच्चों का उत्साहवर्धन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्य, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. शकुन्तला यादव, अति विशिष्ट अतिथि डॉ. क्षितिज शर्मा, विशिष्ट अतिथि डॉ. रजनीकांत द्विवेदी ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम संस्थापक आनंद मिश्रा, अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता, महासचिव मनीष कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुरेश चन्द्र गुप्ता सहित समिति के अन्य लोग मौके मौजूद रहे।
Tags:
Hindi News
Jaunpur
Jaunpur Live
Jaunpur Live
News
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Purvanchal News
recent
Uttar Pradesh News