विनोद हत्याकांड : आठ अभियुक्त गिरफ्तार, जेल | #NayaSaveraNetwork
- उदासीनता के आरोप में दरोगा लाइन हाज़िर
चेतन सिंह @ नया सबेरा
बरसठी, जौनपुर। क्षेत्र के खरगापुर (खोइरी) गांव में बीते गुरुवार की रात 47 वर्षीय विनोद शुक्ला के भाइयों व पिता ने लाठी डंडे से पीटकर निर्मम हत्या करने के मामले में पुलिस ने मियाचक से रविवार को आठ लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। मालूम हो कि, इस हत्या के आरोप में परिवार के ही 14 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज है।
पहले से चल रहे जमीनी विवाद में खार खाये भाइयों व पिता ने मिलकर गुरुवार शाम को पूजा में बैठने के विवाद को लेकर विनोद शुक्ला को घर मे बन्द कर बेरहमी से लाठी डंडे से पिटाई की। अधमरा हो जाने पर बाहर से ताला लगा दिया गया। मृतक की पत्नी सुमन शुक्ला ने अपने भाई को घटना की जानकारी दी और मौके पर पुलिस पहुँच घर मे बंद घायल विनोद की सीएचसी बरसठी ले आयी, उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते मे उसकी मौत हो गई। पत्नी की तहरीर पर सभी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ था।
थानाध्यक्ष कश्यप कुमार सिंह ने बताया कि, रविवार को मुखबिर की सूचना पर सुबह कैलाशनाथ शुक्ला, प्रमोद शुक्ला, संदीप शुक्ला , रिशु, खुशी शुक्ला, कुसुम,नीतू शुक्ला निवासी खरगापुर व सरोजा निवासी मानिकापुर को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार करने वालो में थानाध्यक्ष कश्यप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद यादव, कांस्टेबल रघुराज सिंह सहित अन्य पुलिस टीम रही। उधर, पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा ने क्षेत्रीय दरोगा महंगूराम को शनिवार की देर शाम तत्काल प्रभाव से लाइन हाज़िर कर दिया। बताया जा रहा है कि, क्षेत्रीय उपनिरीक्षक पर कार्य मे उदासीनता बरतने के आरोप में एसपी ने यह कार्यवाई की है।
Tags:
Hindi News
Jaunpur
Jaunpur Live
Jaunpur Live
News
jaunpur news
Jaunpur News in Hindi
Purvanchal News
recent
Uttar Pradesh News