#LucknowNews: प्रत्येक खिलाड़ी पर हमें गर्व, चाहे वह किसी भी प्रदेश का हो :सीएम योगी | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी पर हमें गर्व की अनुभूति होती है, चाहे वह किसी भी प्रदेश का हो। खिलाड़ी सर्वप्रथम भारतीय है और वह पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को अपने पांच कालिदास मार्ग के सरकारी आवास में ‘‘14वीं हॉकी इंडिया कांग्रेस” की पूर्व संध्या पर ‘हॉकी इंडिया’ के पदाधिकारियों से बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि ‘हॉकी इंडिया’ की 14वीं कांग्रेस का उत्तर प्रदेश में आयोजित होना बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा,‘‘हर खिलाड़ी पर हमें गर्व की अनुभूति होती है, चाहे वह किसी भी प्रदेश का हो। खिलाड़ी सर्वप्रथम भारतीय है और वह पूरे देश का प्रतिनिधित्व करता है।’’
उन्होंने अपेक्षा की कि हॉकी इंडिया के पदाधिकारी वैश्विक मानकों के अनुरूप देश के लिए बेहतरीन हॉकी टीम तैयार करेंगे। खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें खिलाड़ियों के मन में अपनत्व का भाव पैदा करना होगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के अभियान में राज्य सरकार हॉकी इंडिया का सहयोग करने के लिए तत्पर है।
उत्तर प्रदेश भारतीय हॉकी टीम की सबसे ऊर्वरा स्थली रही है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द का जन्म उत्तर प्रदेश में ही हुआ था। मुख्यमंत्री ने हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों को ओडीओपी (एक जिला-एक उत्पाद) भी भेंट किये। खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
Tags:
#DailyNews
#mumbai
#recent
Daily News
Local News
Lucknow
National
Naya Savera
New Delhi
uttar pradesh
Uttar Pradesh News

