जौनपुर: गड्ढे में ट्रैक्टर पलटा,किशोर की मौत | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
खुटहन जौनपुर। शेख असरखपुर गांव की नहर पुलिया के पास रविवार को अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर दस फिट नीचे खड्ड में पलट गया। उस पर सवार किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों की मदद से जेसीबी की सहायता से नीचे दबे चालक व किशोर को बाहर निकाल अस्पताल भेजवाया गया। जहां चिकित्सक ने किशोर को मृत घोषित कर घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दिया। शेरपुर पथरा गांव निवासी ट्रैक्टर चालक रमाकांत बिंद उर्फ राहुल थाना क्षेत्र के एक र्इंट भट्ठे से र्इंट लादकर खेतासराय थाना क्षेत्र के मानी गुरैनी बाजार में उतार कर वापस लौट रहा था। ट्रैक्टर पर उसका पड़ोसी 16 वर्षीय कुंदन पुत्र राजमनी बिंद भी सवार था। उक्त नहर पुलिया से आगे बढ़ते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के बायें तरफ दस फिट नीचे धान के खेत में पलट गया। इंजन का चारों पहिया हवा में उठ गया। मौके पर जुटे ग्रामीण काफी मशक्कत के बाद भी उसके नीचे दबे दोनों को निकाल नहीं सके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी बुलाकर किसी प्रकार से दोनों को बाहर निकाल अस्पताल भेजवाया। जहां चिकित्सक ने देखते ही कुंदन को मृत घोषित कर दिया। चालक की भी हालत गंभीर बनी हुई है।

