प्रयागराज: पीईटी में ग्राफ और करेंट अफेयर्स के प्रश्नों ने उलझाया | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) जिले के 54 केंद्रों पर दो पालियों में शनिवार को संपन्न हुई। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों को गणित में ग्राफ और करेंट अफेयर्स (समसामयिक) प्रश्नों ने सबसे अधिक परेशान किया। करेंट अफेयर्स के प्रश्न आमतौर पर छह से आठ महीने के अंदर घटित घटनाओं पर पूछे जाते हैं लेकिन पीईटी में कई प्रश्न 2022 और 2021 से जुड़े थे। कर्नलगंज इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले सूर्यांश ओझा ने बताया कि पेपर में ग्राफ व करेंट अफेयर्स के प्रश्न कठिन थे। हिंदी और बाकी विषय के प्रश्न सरल या सामान्य थे। नदीम खान के अनुसार बायोग्राफिकल इंडेक्स/ग्राफ के प्रश्न कठिन थे। करेंट अफेयर्स के प्रश्न 2021 तक के पूछे गए थे वह भी बहुत कठिन थे। हिंदी-अंग्रेजी के प्रश्न सरल थे जबकि इतिहास के ज्यादातर सवाल आधुनिक इतिहास से पूछे गए थे। महेश कुमार शर्मा और अभिषेक कुमार ने बताया कि ग्राफ के सवाल सबसे कठिन थे शेष विषयों के प्रश्न सरल या सामान्य थे।