शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार, शुक्ल, बिसेन और लोधी ने ली मंत्री पद की शपथ | #NayaSaveraNetwork
नया सवेरा नेटवर्क
भोपाल. मध्य प्रदेश में 26 अगस्त को शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ. इसमें तीन नए चेहरे शामिल हुए. बीजेपी के नेता राजेंद्र शुक्ल, गौरीशंकर बिसेन और राहुल लोधी ने मंत्री पद की शपथ ली. तीनों मंत्रियों को राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने पद की शपथ दिलाई. उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की उपस्थिति में पद की शपथ ली. बीजेपी ने इस मंत्रिमंडल विस्तार से 45 दिन के मंत्रियों के सहारे विंध्य, महाकौशल और बुंदेलखंड की 94 सीटों को साधने की कवायद की है. इसके अलावा जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन पर भी पार्टी ने फोकस किया है.
बता दें, महाकौशल में विधानसभा की 38 सीटे हैं. इनमें से बीजेपी के पास केवल 13 सीटे हैं. विंध्य में कुल 30 सीटे हैं. यहां बीजेपी के पास 24 सीटें हैं. बुंदेलखंड में 26 सीटे हैं. यहां बीजेपी के पास 17 सीटे हैं. इस तरह कुल 94 सीटों में से बीजेपी के पास 54 सीटें हैं. जबकि, कांग्रेस के पास 40 सीटे हैं. गौरतलब है कि, मंत्री पद की शपथ लेने वाले गौरीशंकर बिसेन की सुबह ही कार्यकर्ताओं के बीच हुई. उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ ही नाश्ता किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने का काम करेंगे. इस बार महाकौशल में 25 से ज्यादा सीटें बीजेपी जीतेगी. कांग्रेस और कमलनाथ को लेकर उन्होंने कहा कि 2018 में कांग्रेस ने जनता से झूठ बोला और भ्रमित करने का काम किया.
- पूर्व सीएम कमलनाथ ने किया ये ट्वीट
वहीं, बीजेपी सरकार के इस मंत्रिमंडल विस्तार पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तंज कसा. उन्होंने ट्वीट किया, ‘जब कार्यकाल हो रहा है समाप्त और गिरने वाली है सरकार, तब मप्र में मंत्रिमंडल का हो रहा है विस्तार! विदाई के समय स्वागत गीत गाने वाली भाजपा सरकार अब विस्तार क्या पूरा मंत्रिमंडल भी बदल दे तो भी हार निश्चित है. ये मंत्रिमंडल नहीं, भ्रष्टाचार की मित्रमंडली का विस्तार है.’
![]() |
| Advt. |
![]() |
| Advt. |



